शेखपुरा बाजार के गैराज में मिला बाल श्रमिक, धावा दल ने छुड़ाकर CWC को सौंपा
मुक्त कराए गए बालक के साथ अधिकारी | Prabhat Khabar Network
शेखपुरा में जन निर्माण केंद्र की पहल पर श्रम संसाधन विभाग ने बाल श्रम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एक गैराज से नाबालिग बच्चे को मुक्त कराया गया और उसे आवश्यक सहायता प्रदान की गई. बाल श्रम के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा.
जन निर्माण केंद्र शेखपुरा की पहल पर श्रम संसाधन विभाग द्वारा गुरुवार को जिले में बाल श्रम के खिलाफ धावा दल का संचालन किया गया. इस दौरान धावा दल की टीम द्वारा शेखपुरा बाजार क्षेत्र में एक गैराज में काम कर रहे बालक को बाल श्रम से मुक्त कराया गया. कार्रवाई के दौरान टीम ने पाया कि नाबालिग बालक गैराज में काम कर रहा था.
इसके बाद धावा दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक को वहां से मुक्त कराया. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालक को बाल कल्याण समिति, शेखपुरा के समक्ष प्रस्तुत कर सौंप दिया गया. धावा दल में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी शेखपुरा बबलू कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बरबीघा अशोक कुमार तथा जन निर्माण केंद्र से राकेश रौशन एवं रवि कुमार शामिल रहे.
सहायता राशि और अधिकारियों की अपील
अधिकारियों ने बताया कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. दुकानों, गैराजों, प्रतिष्ठानों और अन्य कार्यस्थलों पर निरीक्षण कर बाल श्रमिकों की पहचान एवं उन्हें मुक्त कराने की कार्रवाई की जाएगी.
विमुक्त किए गए बालक को तत्काल सहायता राशि के रूप में 3 हजार रुपये भी प्रदान किए गए. अधिकारियों ने बाल श्रम को बच्चों के अधिकार और शिक्षा के लिए गंभीर बाधा बताते हुए लोगों से अपील की कि बच्चों से काम कराने के बजाय उन्हें शिक्षा से जोड़ने में सहयोग करें.
सूचना देने की अपील और भविष्य का अभियान
साथ ही बाल श्रम की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की गई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










