शेखपुरा : बरबीघा में मेगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, डीएम ने किया उद्घाटन; विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सैकड़ों मरीजों की जांच की
शिविर का उद्घाटन करते जिलाधिकारी शेखर आनंद | Prabhat Khabar Network
बरबीघा के श्री कृष्ण गौशाला में रोटरी क्लब ऑफ शेखपुरा सेंट्रल द्वारा एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. जिलाधिकारी शेखर आनंद ने इसका उद्घाटन किया और गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया.
रोटरी क्लब ऑफ शेखपुरा सेंट्रल के तत्वावधान में गुरुवार को बरबीघा स्थित श्री कृष्ण गौशाला परिसर में मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी शेखर आनंद ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया.
इस दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में गौ माता को गुड़-चना भी खिलाया. शिविर में एक दर्जन से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया तथा आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं.
शिविर में न्यूरो सर्जन डॉ. राकेश कुमार, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा कुमारी एवं डॉ. रितु कुमारी, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरेंद्र कुमार, फिजिशियन डॉ. आनंद कुमार, डॉ. मृगेंद्र प्रसाद सिंह, डॉ. के. पुरुषोत्तम एवं डॉ. आरपी सिंह, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव कुमार तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अक्षत कुमार ने अपनी सेवाएं दीं. मरीजों की सामान्य जांच के अलावा बीपी, शुगर, वजन, विटामिन-डी तथा गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन की जांच भी निःशुल्क की गई.
शिविर में चिन्हित मोतियाबिंद के मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण की सुविधा देने की भी व्यवस्था की गई.
डीएम का निरीक्षण और गौशाला की व्यवस्था
इस अवसर पर डीएम शेखर आनंद ने गौशाला की व्यवस्था का जायजा लेते हुए कहा कि गौशाला में नाली की समस्या को दो महीने के अंदर दूर कर दिया जाएगा. साथ ही गौ माता के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए लगातार वेटरनरी डॉक्टर की व्यवस्था की जाएगी.
गौशाला की अध्यक्ष सह जिले की अनुमंडल पदाधिकारी कुमारी प्रियंका ने मेगा स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए श्री कृष्ण गौशाला परिवार और रोटरी क्लब ऑफ शेखपुरा सेंट्रल का आभार जताया. उन्होंने गौशाला को नियमित सहयोग जारी रखने की बात भी दोहराई.
रोटरी क्लब के पदाधिकारी और सम्मान समारोह
रोटरी क्लब के जिला अध्यक्ष रोहित प्रसाद सिंह ने कहा कि क्लब ‘स्वयं से बढ़कर सेवा’ की भावना के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है. प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. आनंद कुमार ने बताया कि शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है.
उधर शिविर के उद्घाटन के अवसर पर गौशाला के सचिव धर्मेंद्र कुमार और उपाध्यक्ष मनीष कुमार के द्वारा जिलाधिकारी और अनुमंडल अधिकारी को गुलदस्ता और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया, जबकि शिविर में अपनी सेवा देने वाले सभी चिकित्सकों को जिलाधिकारी ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










