शिवहर की सभी 53 पंचायतों में खुलेंगे जीविका सुधा बिक्री केंद्र, महिलाओं को मिलेगा रोजगार

Updated:
विज्ञापन
हर पंचायत में खुलेगा जीविका सुधा बिक्री केंद्र जो 60 हजार रुपये तक मिलेगी सरकारी सहायता राशि

शिवहर जीविका के अधिकारी गण व अन्य | Prabhat Khabar Network

शिवहर जिले की सभी 53 पंचायतों में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे. यह योजना ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित है. आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

विज्ञापन

Sheohar News: मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत शिवहर जिले की सभी 53 पंचायतों में जीविका एवं कॉम्फेड के संयुक्त तत्वावधान में जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे. इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और गांव स्तर पर गुणवत्तापूर्ण डेयरी उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है. इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) अभिनव प्रिय ने बताया कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पहली किस्त प्राप्त कर चुकी जीविका से जुड़ी महिलाएं इस योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकेंगी और उनकी आय में वृद्धि होगी.

ऑनलाइन आवेदन और लॉटरी से होगा चयन

इच्छुक जीविका दीदियां ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं. लाभार्थियों का चयन पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन रैंडम लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा.

योजना के तहत चयनित महिलाओं को सरकार की ओर से 60 हजार रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी, जबकि लाभार्थी को 15 हजार रुपये का अंशदान करना होगा. कुल 75 हजार रुपये की लागत से डीप फ्रीजर, विजी कूलर, दुकान की ब्रांडिंग, परिवहन सहायता तथा दुकान की मरम्मत एवं पेंटिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

इन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ

इस योजना का लाभ केवल जीविका स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़ी महिला सदस्यों को मिलेगा. आवेदन करने वाली महिला संबंधित पंचायत की स्थायी निवासी होनी चाहिए. साथ ही पंचायत क्षेत्र में कम से कम 70 वर्गफुट की पक्की दुकान, चाहे स्वयं की हो या किराये की, उपलब्ध होना अनिवार्य है.

आवेदन में जीविका कर्मी करेंगे सहयोग

नोडल पदाधिकारी (पशुधन) दर्शना ने बताया कि संकूल संघ के कम्युनिटी फैसिलिटेटर पात्र जीविका दीदियों को ऑनलाइन आवेदन करने में सहयोग करेंगे. वहीं युवा पेशेवर (पशुधन) दीपक कुमार ने कहा कि यह योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ दुग्ध उत्पादों की खपत बढ़ाने, स्थानीय बाजार को मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.


विज्ञापन
Manish Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Manish Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन