सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं की संभावना, देकुली धाम में सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक प्रशासन ने किए खास इंतजाम

Updated:
विज्ञापन
देकुली धाम मंदिर में निरीक्षण के दौरान डीएम प्रतिभा रानी, एसपी शैलेन्द्र सिंह व अन्य | Prabhat Khabar Network

देकुली धाम मंदिर में निरीक्षण के दौरान डीएम प्रतिभा रानी, एसपी शैलेन्द्र सिंह व अन्य

इस वर्ष के श्रावणी मेले में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने देकुली धाम में विशेष सुरक्षा और व्यवस्थाएं की हैं. बाबा भुवनेश्वर नाथ महादेव मंदिर में भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है.

विज्ञापन

Shravani Mela 2026: शिवहर के प्रसिद्ध बाबा भुवनेश्वर नाथ देकुली धाम महादेव मंदिर में श्रावणी मेला के दौरान रविवार और सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. इसी को लेकर डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शैलेन्द्र सिंह ने देकुली धाम पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया.

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना करें.

भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर, घाटों और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए.

श्रद्धालुओं का प्रवेश मंदिर परिसर के उत्तरी छोर से सुनिश्चित करने, आपात स्थिति के लिए अलग निकास मार्ग तैयार रखने और मंदिर के मुख्य द्वार को पूरी तरह खाली रखने के निर्देश दिए गए. प्रशासन ने बताया कि सोमवार की रात 2 बजे से ही कांवरियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष तैयारियां की जा रही हैं.

डुब्बा घाट और तालाब पर रहेगी एनडीआरएफ-एसडीआरएफ की तैनाती

श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्लेटफॉर्म पर पूजा करने के बजाय प्रशासन द्वारा बनाए गए नए शेड का ही उपयोग करें.

चूंकि अधिकांश श्रद्धालु डुब्बा घाट और मंदिर परिसर के तालाब से जल भरते हैं तथा वहां ढलान अधिक है, इसलिए सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्रों की तैनाती की जाएगी.

चोरी रोकने के लिए सीसीटीवी से होगी निगरानी

मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्वयंसेवकों की भी तैनाती की गई है.

इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी की गई है.

पार्किंग, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था

वाहनों की पार्किंग के लिए डुब्बा घाट बांध के नीचे दोनों ओर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जबकि मंदिर परिसर से कुछ दूरी पर दोपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है.

प्रशासन ने मोतिहारी-पिपराही और मुजफ्फरपुर-तरियानी मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी सुचारु रखने की तैयारी की है. मेला क्षेत्र में दुकान लगाने वालों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा तथा प्रत्येक परिवार से केवल एक दुकान लगाने की अनुमति होगी.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, चलंत शौचालय, पेयजल की व्यवस्था और नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किए जा रहे हैं.

श्रद्धालुओं से प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग प्रशासन द्वारा तय किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि श्रावणी मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.


विज्ञापन
मनीष नंदन सिंह

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन