शिवहर: रिमझिम बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था, देकुली धाम में दूसरी सोमवारी पर उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब
महादेव को जलाभिषेक करते श्रद्धालु
सावन की दूसरी सोमवारी पर शिवहर के देकुली धाम में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा. रिमझिम बारिश भी आस्था को डिगा नहीं सकी, हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भुवनेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक किया. प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे.
Sheohar News: शिवहर.सावन मास की दूसरी सोमवारी पर रिमझिम बारिश के बीच शिवहर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल देकुली धाम महादेव मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा भुवनेश्वरनाथ महादेव का जलाभिषेक किया. सुबह से ही मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. भक्तों ने हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच भांग, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प, अक्षत, गंगाजल, दूध और गन्ना अर्पित कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.
सुबह 3 बजे विशेष पूजा के बाद खुले मंदिर के पट
दूसरी सोमवारी को लेकर बाबा भुवनेश्वरनाथ महादेव का सुबह करीब 3 बजे विशेष श्रृंगार और पूजा-अर्चना की गई. इसके बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. पट खुलते ही देखते ही देखते मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार लग गई.
पुरुष श्रद्धालुओं की कतार मंदिर के पश्चिम दिशा स्थित तालाब से दक्षिण दिशा की ओर देखी गई, जबकि महिला शिवभक्तों की लंबी कतार तालाब से मंदिर परिसर के उत्तर दिशा होते हुए गर्भगृह तक पहुंची.
जलाभिषेक के साथ श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना
श्रद्धालुओं ने बाबा भुवनेश्वरनाथ को गंगाजल, दूध, बेलपत्र, पुष्प, धतूरा, अक्षत और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की. मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की.
जलाभिषेक के बाद मंदिर से बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं के चेहरों पर आस्था और खुशी साफ दिखाई दे रही थी. भक्तों ने अपने परिवार, समाज और देश में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की.
नाग देवता के दर्शन और पूजन की भी रही व्यवस्था
मंदिर परिसर के पूरब दिशा में हनुमान मंदिर के पास सपेरों ने श्रद्धालुओं को नाग देवता के दर्शन और पूजन की सुविधा भी दी. बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे और धार्मिक आस्था के साथ पूजा-अर्चना की.
प्रशासन ने सुरक्षा के किए पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे. मंदिर के मुख्य गेट से लेकर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में दंडाधिकारी, पुरुष एवं महिला पुलिस पदाधिकारी तथा जवानों की तैनाती की गई थी.
जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी भी शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर कैंप करते रहे. मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई, जबकि असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई.
एनएच-227 पर भी दिखी श्रद्धालुओं की भीड़
देकुली धाम के साथ शिवहर-सीतामढ़ी एनएच-227 मुख्य मार्ग पर भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई. सड़क किनारे लगे छोटे-छोटे दुकानों पर लोगों ने अपनी जरूरत के अनुसार पूजा सामग्री एवं अन्य सामान की खरीदारी की.
पिपराही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल जगह-जगह तैनात रहा और सड़क पर लगातार गश्त करता रहा, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो.
यह भी पढ़ें: पूजा कर लौट रहे युवक की बाइक डीपीटीएस कॉलेज के पास दुर्घटनाग्रस्त, हालत गंभीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनीष नंदन सिंह
मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










