पिछले दो माह से टूटे पोल पर रस्सी के सहारे झूल रही है बिजली तार, हादसे होने की आशंका
टूटा हुए पोल पर रस्सी के सहारे झूलता बिजली की तार
शेओहर के कोठियां गांव में बिजली विभाग की लापरवाही के कारण दो महीने से टूटा हुआ बिजली का पोल रस्सी के सहारे लटका हुआ है. इससे स्थानीय लोगों में हादसे का डर बना हुआ है. विभाग से नया पोल लगाने की गुहार लगाई जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है.
Sheohar News: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 स्थित कोठियां गांव में बिजली विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है. करीब दो माह पहले आंधी और बारिश के दौरान बिजली का पोल टूट गया था. इसके बाद नया पोल लगाने के बजाय टूटे पोल के सहारे रस्सी से बिजली तार बांधकर आपूर्ति बहाल कर दी गई. इससे स्थानीय लोगों में कभी भी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.
आंधी में टूटकर सड़क पर गिरा था बिजली पोल
स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दो माह पहले तेज आंधी के दौरान बिजली का पोल टूटकर सड़क पर गिर गया था. पोल टूटने के बाद कई घंटों तक इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित रही. इसी दौरान रास्ते से गुजर रही डायल-112 पुलिस टीम की नजर सड़क पर गिरे बिजली तार पर पड़ी.
डायल-112 की सूचना पर मौके पर पहुंचा विभाग
पुलिस टीम ने बिजली विभाग को मामले की सूचना दी. इसके बाद विभागीय कर्मी मौके पर पहुंचे और सड़क पर गिरे बिजली तार को हटाकर एक बैलगाड़ी पर रख दिया. ग्रामीणों के अनुसार तार कई दिनों तक बैलगाड़ी पर ही पड़ा रहा.
नया पोल लगाने के बजाय रस्सी से बांधा तार
ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद भी विभाग ने क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर नया पोल नहीं लगाया. इसके बजाय टूटे हुए पोल के सहारे बिजली तार को रस्सी से बांध दिया गया और बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई. ग्रामीणों के अनुसार वर्तमान में तार अस्थायी व्यवस्था के तहत लटक रहा है.
तार गिरने से गंभीर हादसे की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि रस्सी के सहारे लटक रहा बिजली तार कभी भी टूटकर नीचे गिर सकता है. यदि तार के संपर्क में कोई व्यक्ति या मवेशी आ गया तो गंभीर हादसा हो सकता है. खासकर बारिश और तेज हवा के दौरान खतरा और बढ़ जाता है.
नया पोल लगाने की मांग, अब तक कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या की जानकारी देकर नया पोल लगाने की मांग की गई है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. ग्रामीणों ने अविलंब क्षतिग्रस्त पोल हटाकर नया पोल लगाने और बिजली तार को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: एसएसबी जवानों और छात्रों ने मिलकर रोपे पौधे, लिया हरियाली का संकल्प
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनीष नंदन सिंह
मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










