भटाहा स्कूल में एनडीआरएफ ने बच्चों और शिक्षकों को सिखाये आपदा से बचाव के गुर
बच्चों को आपदा की जानकारी देते एनडीआरएफ की टीम व अन्य | Prabhat Khabar Network
एनडीआरएफ की टीम ने भटाहा के उच्च माध्यमिक विद्यालय में आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण दिया. बच्चों और शिक्षकों को भूकंप, बाढ़ और आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के तरीके सिखाए गए. अगले प्रशिक्षण की जानकारी भी दी गई.
NDRF School Safety Program: जिलाधिकारी प्रतिभा रानी के निर्देश पर जिले के विद्यालयों में बच्चों और शिक्षकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक एवं दक्ष बनाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की ओर से स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम चलाया जा रहा है. इसी क्रम में शनिवार को डुमरी कटसरी प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय, भटाहा में विशेष प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. एनडीआरएफ टीम ने आपदा की स्थिति में बचाव और सुरक्षा के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी.
भूकंप और बाढ़ से बचाव के सिखाये तरीके
प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ के जवानों ने भूकंप, अग्निकांड, बाढ़ सहित प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया. विद्यार्थियों को आपात स्थिति में घबराने और भगदड़ से बचते हुए सुरक्षित खुले स्थान पर पहुंचने की जानकारी दी गयी.
इसके अलावा किसी घायल या अचेत व्यक्ति की जान बचाने के बुनियादी उपाय तथा संकट में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीक का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया.
11 अगस्त को नयागांव में होगा अगला कार्यक्रम
जिला आपदा प्रबंधन शाखा के अनुसार स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम के तहत अगला प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 अगस्त को डुमरी कटसरी प्रखंड के श्यामधारी यमुना उच्च माध्यमिक विद्यालय, नयागांव में आयोजित किया जाएगा.
विद्यालय प्रशासन ने जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों में आपदा के समय सुरक्षित रहने का आत्मविश्वास बढ़ता है. जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार से आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है.
यह भी पढ़ें: तरियानी छपरा से भाकपा की राष्ट्रव्यापी पदयात्रा शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनीष नंदन सिंह
मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










