अफरातफरी के बीच ट्रेनों में सफर
Published by :Prabhat Khabar News Desk
Published at :19 Feb 2025 9:54 PM (IST)
विज्ञापन

सासाराम न्यूज : श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में बढ़ोतरी
विज्ञापन
सासाराम न्यूज : श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में बढ़ोतरी
इंद्रपुरी/डेहरी.
महाकुंभ स्नान को लेकर डेहरी रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आवाजाही कर रहे हैं. भीड़ इतनी अधिक हो रही है कि यात्री अफरातफरी के बीच सफर करने को मजबूर हैं. इस भीड़ को देख रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुविधाओं के लिए कुंभ स्पेशल ट्रेनों के परिचालन में बढ़ोतरी की गयी है. पहले छह से आठ ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा था़ लेकिन, वर्तमान में बढ़कर करीब दो दर्जन ट्रेनों की संख्या हो गयी है. यात्रियों की सहूलियत के लिए गया जाने वाली सभी कुंभ स्पेशल ट्रेनें वापसी में प्रयागराज के लिए चलायी जा रही हैं. इसके अलावा जो भी निर्धारित ट्रेनें प्रयागराज से जाती हैं, उनका परिचालन निर्धारित समयानुसार जारी है. इनमें पुरुषोत्तम, महाबोधि, पूर्वा, अजमेर सियालदह आदि ट्रेन हैं. पिछले एक सप्ताह से प्रयागराज के लिए प्रतिदिन काउंटर से करीब 1500 से 2000 यात्रियों के टिकट कट रहे हैं. टिकट तीन शिफ्टों मिलाकर कट रहा है, जबकि डेहरी स्टेशन से प्रयागराज कुंभ में प्रतिदिन 24 घंटे में हजारों यात्री सफर कर रहे हैं. वाणिज्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, प्रयागराज के लिए जेनरल टिकट कट रहा है. डेहरी स्टेशन से प्रयागराज के लिए सुपरफास्ट टिकट का रेट 115 रुपये, नॉर्मल एक्सप्रेस टिकट का रेट 100 रुपये व पैसेंजर टिकट का रेट 60 रुपये है. स्टेशन पर किसी प्रकार की घटना घटित नहीं हो, इसको लेकर रेल प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व निगरानी रखी जा रही है. किसी यात्री को कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए समयानुसार स्पेशल ट्रेनों के एलाउंसमेंट किया जा रहा है. महाकुंभ में आवाजाही के दौरान श्रद्धालुओं की उतरती और चढ़ती भीड़ पर आरपीएफ व जीआरपी के अधिकारी व जवान नजर बनाये हैं.आरपीएफ के अधिकारी व जवान मुस्तैदी से निगरानी करते हुए पूरी टीम के साथ लगातार स्टेशन पर घूम-घूमकर लोगों को जागरूक व सतर्क कर रहे हैं. यात्रियों को चढ़ाकर ट्रेनों को सुरक्षित पास करा रहे हैं.
स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए पहले से सभी प्लेटफाॅर्म पर कुल 10 शौचालय बने हैं. इसमें यूरिनल की सुविधा उपलब्ध है. प्लेटफाॅर्म संख्या एक पर महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग एक सीट के शौचालय के साथ यूरिनल की सुविधा है. प्लेटफाॅर्म दो व तीन पर महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग चार सीटों के शौचालय के साथ यूरिनल की सुविधा है. अमृत भारत योजना के तहत एक शौचालय निर्माणाधीन है. इसका कार्य पूरा करना है. प्लेटफार्म संख्या चार व पांच पर महिला व पुरुष के लिए अलग-अलग चार सीटों का शौचालय के साथ यूरिनल की सुविधा है. स्टेशन का पुर्नविकास का कार्य चल रहा है. यात्रियों की सुविधाओं की बढ़ोतरी के लिए कार्य प्रगति पर है. यात्रियों के आराम करने के लिए रिटायरिंग रूम व डाॅरमेट्री रूम व प्रतीक्षालय की सुविधा उपलब्ध है. इसकी बुकिंग टिकट काउंटर व आइआरसीटीसी के माध्यम से की जाती है.आराम के लिए समुचित व्यवस्था नहीं
प्रयागराज महाकुंभ में आवाजाही करने वाले यात्रियों ने बताया कि महाकुंभ स्नान को लेकर स्टेशन पर आवाजाही करने वाले यात्रियों के लिए स्टेशन के प्लेटफाॅर्म एरिया में आराम करने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यात्रियों को प्लेटफाॅर्म परिसर में इधर-उधर खड़ा होकर व प्लेटफाॅर्म की सीढ़ी पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है. स्टेशन के प्लेटफाॅर्म एरिया में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ होने से शौचालय की समुचित व्यवस्था कम पड़ रही है. यात्री खुले में शौच करने को विवश हो जा रहे हैं. खासकर, महिला यात्रियों को काफी फजीहत उठानी पड़ रही है. बीते 15 फरवरी की रात दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना के बाद रेल प्रशासन कहने के लिए महाकुंभ में आवाजाही करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन के बाहर सर्कुलेटिंग एरिया में पंडाल लगाकर कारपेट बिछाया है. यात्रियों को बैठने के लिए कुर्सी लगायी गयी है. लेकिन, पंडाल के आसपास वैकल्पिक शौचालय की व्यवस्था नहीं की गयी है.क्या कहते हैं प्रबंधक
इस संबंध में डेहरी रेलवे स्टेशन प्रबंधक जेके सिंह ने बताया कि महाकुंभ स्नान के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्टेशन पर शौचालय की वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए सहायक मंडल अभियंता को सूचना दी गयी है. वर्तमान में यात्रियों के ठहरने के लिए स्टेशन के बाहर पंडाल लगाकर कुर्सी लगायी गयी है, जहां यात्री बैठकर ट्रेन का इंतजार करेंगे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










