वाराणसी में दो दिन बाद जिंदगी की जंग हार गया दीपक

Published by :ANURAG SHARAN
Published at :11 May 2026 5:18 PM (IST)
विज्ञापन
वाराणसी में दो दिन बाद जिंदगी की जंग हार गया दीपक

SASARAM NEWS.बड्डी थाना क्षेत्र के बडुआ गांव में मजदूरी के पैसे के विवाद में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है.

विज्ञापन

बड्डी थाना क्षेत्र के बडुआ गांव मजदूरी विवाद में युवक को मारी गयी थी गोली, इलाज के दौरान मौत

पत्नी के बयान पर पांच नामजद समेत कई पर प्राथमिकी, एक गिरफ्तार

कमल यादव और उसके साथियों पर हत्या का आरोप

शिवसागर.

बड्डी थाना क्षेत्र के बडुआ गांव में मजदूरी के पैसे के विवाद में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मृतक की पत्नी सुनिता देवी के आवेदन के अनुसार बडुआ गांव निवासी 37 वर्षीय दीपक कुमार बिंद शनिवार की रात करीब 8:30 बजे घर से दक्षिण दिशा स्थित बधार में शौच के लिए गये थे. इसी दौरान पूर्व से चल रहे मजदूरी भुगतान और पैसे के लेन-देन के विवाद को लेकर फुलवरिया गांव निवासी कमल यादव, उसका पुत्र सोनल कुमार यादव, अखिलेश यादव, मास्टर यादव, बडुआ गांव निवासी ओमप्रकाश चौबे उर्फ मुन्ना चौबे और अन्य अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया.आवेदन में आरोप है कि सभी लोगों ने पहले दीपक के साथ मारपीट की. उसी दौरान हल्ला होने पर पत्नी सुनीता देवी और उनकी गोतनी गुड़िया देवी मौके पर पहुंचीं. इसके बाद आरोपितों ने फोन कर और लोगों को बुला लिया. कुछ ही देर में पिस्टल, लाठी, डंडा और हॉकी लेकर अन्य लोग भी पहुंच गये.

घटना के बाद आरोपितों के पांच राउंड फायरिंग करते हुए भागने का आरोप

आरोप है कि इसी बीच कमल यादव ने अपने पुत्र सोनल कुमार यादव से हथियार लेकर दीपक को गोली मार दी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. इसके बाद ओमप्रकाश चौबे द्वारा भी फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है. हमले के दौरान करीब पांच राउंड फायरिंग करते हुए सभी आरोपी मौके से फरार हो गये. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल दीपक को सदर अस्पताल सासाराम ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया. वाराणसी में इलाज के दौरान रविवार रात उनकी मौत हो गयी.

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र और एक पुत्री हैं. बड़ा पुत्र संदीप कुमार (10 वर्ष), पुत्र कृष्णा कुमार (5 वर्ष) और पुत्री अंजलि कुमारी (7 वर्ष) हैं. पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी सुनीता देवी बेसुध हो गयीं, जबकि बच्चों के रोने से माहौल गमगीन हो गया. परिजनों के अनुसार दीपक पहले कमल यादव के पशु चारा काटने वाली मशीन पर मजदूरी करता था, जहां उसकी मजदूरी का पैसा बकाया रह गया था. इसी पैसे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था.

क्या कहते हैं एसडीपीओ

इस संबंध में सदर एसडीपीओ-वन दिलीप कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयान पर पांच नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने मामले में ओमप्रकाश चौबे उर्फ मुन्ना चौबे को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है.

विज्ञापन
ANURAG SHARAN

लेखक के बारे में

By ANURAG SHARAN

ANURAG SHARAN is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन