धनबाद में भाजपा का घड़ा फोड़ प्रदर्शन, बिजली-पानी संकट और प्रिंस खान मामले पर सरकार को घेरा

धनबाद में प्रदर्शन के दौरान बाबूलाल मरांडी और धनबाद सांसद ढुल्लू महतो (बीच में). फोटो: प्रभात खबर
Dhanbad News: धनबाद में भाजपा ने बिजली-पानी संकट को लेकर समाहरणालय के सामने घड़ा फोड़ प्रदर्शन किया. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर मूलभूत सुविधाएं देने में विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने प्रिंस खान के वायरल वीडियो मामले की जांच एनआईए से कराने की मांग भी उठाई. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
धनबाद से ज्योति रॉय की रिपोर्ट
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले में बिजली और पानी की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के सामने घड़ा फोड़ प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई. इस प्रदर्शन में झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी शामिल हुए. प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया. चिलचिलाती गर्मी के बीच आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में घड़े लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और बिजली-पानी संकट को लेकर जनता की परेशानियों को सामने रखा.
भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर हुआ प्रदर्शन
भाजपा नेताओं ने बताया कि यह प्रदर्शन भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित किया गया. ग्रामीण और महानगर जिला भाजपा इकाई ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम में भाग लिया. प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने किया. इस मौके पर सांसद ढुल्लू महतो, पूर्व सांसद पीएन सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा, झरिया विधायक रागिनी सिंह, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, पूर्व निरसा विधायक अपर्णा सेन गुप्ता और भाजपा नेत्री तारा देवी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर साधा निशाना
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं हर नागरिक की जरूरत हैं, लेकिन झारखंड में इन दोनों का संकट लगातार गंभीर होता जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जनता की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी “नल से जल” योजना झारखंड में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है. कई जगहों पर योजनाएं अधूरी हैं और लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. मरांडी ने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन सोई हुई सरकार को जगाने के लिए किया जा रहा है.
प्रिंस खान के वायरल वीडियो पर उठाए सवाल
प्रदर्शन के दौरान बाबूलाल मरांडी ने धनबाद के चर्चित प्रिंस खान मामले को भी उठाया. उन्होंने कहा कि हाल में वायरल हुए वीडियो ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने राज्य सरकार को पत्र लिखा है. मरांडी ने मांग की कि मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए से कराई जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों को लेकर सरकार का रवैया गंभीर नहीं दिख रहा है, जिससे जनता में भय का माहौल बन रहा है.
बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर भी विरोध
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं देने में असफल रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मुफ्त बिजली देने का वादा करने वाली सरकार अब स्मार्ट मीटर लगाकर लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल में काफी वृद्धि हुई है. रागिनी सिंह ने कहा कि “इस सरकार में नल से जल गायब है और बल्ब से बत्ती गुल है.” उनके इस बयान पर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार समर्थन जताया.
महिलाओं को प्रदर्शन करने पर होना पड़ा मजबूर
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जिले में पानी और बिजली का गंभीर संकट है. उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में महिलाओं को घरों में रहना चाहिए था, लेकिन खराब व्यवस्था के कारण उन्हें सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा. उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की समस्याओं का समाधान जल्द करना चाहिए, नहीं तो भाजपा आगे भी आंदोलन जारी रखेगी.
इसे भी पढ़ें: पतरातू में स्टेट लेवल इंफ्लुएंसर मीट आयोजित, झारखंड पर्यटन को डिजिटल पहचान दिलाने पर जोर
सरकार के खिलाफ भाजपा का आंदोलन रहेगा जारी
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि बिजली और पानी की समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और जनता की समस्याओं को लेकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा. भाजपा नेताओं का कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था, बिजली-पानी संकट और विकास कार्यों की स्थिति लगातार खराब हो रही है. ऐसे में सरकार को जवाबदेह बनाना जरूरी है, ताकि जनता को राहत मिल सके.
इसे भी पढ़ें: गुमला में भारतमाला प्रोजेक्ट का विरोध, ग्रामीणों ने मुंशी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










