धनबाद में स्वतंत्रता दिवस की धूम, उपायुक्त ने फहराया तिरंगा; जवानों ने दी सलामी
तिरंगे को सलामी देते उपायुक्त और एसएसपी
धनबाद में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक भव्य जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया. उपायुक्त आदित्य रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और जवानों ने शानदार परेड प्रस्तुत की. समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया.
धनबाद में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन किया गया. इसमें सबसे पहले उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से परेड की सलामी ली. उसके बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. राष्ट्रगान के साथ पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया. समारोह के दौरान राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम भी गाया गया. समारोह में जिले के पदाधिकारी, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, जवान, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.
कई स्थानों पर हुआ झंडोत्तोलन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने विभिन्न स्थानों पर भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया. सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8 बजे उपायुक्त के आवासीय कार्यालय और फिर धनबाद समाहरणालय में झंडोत्तोलन किया गया. उपायुक्त के निर्देश पर इस बार बेलगड़िया स्थित जेआरडीए के प्रशासनिक भवन में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया.
जवानों ने किया शानदार परेड
मुख्य समारोह में सीआरपीएफ, सीआइएसएफ, झारखंड सशस्त्र पुलिस बल-3, जिला सशस्त्र बल पुरुष, जिला सशस्त्र बल महिला, होमगार्ड, ग्रामीण पुलिस, एनसीसी बालक, एनसीसी बालिका तथा भारतीय स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों ने प्लाटून परेड में हिस्सा लिया. सभी टुकड़ियों ने अनुशासन और कदमताल के साथ परेड प्रस्तुत कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी.

स्वतंत्रता सेनानियों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित किया गया. इसके साथ ही विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया गया. बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों के सम्मान से समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ा.
छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से बांधा समां
मुख्य समारोह में किड्स गार्डन स्कूल झरिया की छात्राओं ने बैंड प्रस्तुति दी. सरस्वती शिशु मंदिर कतरास की छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया, जबकि पीएम श्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय झरिया की छात्राओं ने आकर्षक बैंड डिस्प्ले प्रस्तुत किया. छात्राओं की प्रस्तुति ने समारोह में देशभक्ति का उत्साह और बढ़ा दिया.
अवधेश कुमार रहे मुख्य परेड कमांडर
समारोह में सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार मुख्य परेड कमांडर की भूमिका में रहे. सार्जेंट लक्ष्मण प्रसाद मेहता द्वितीय परेड कमांडर रहे, जबकि बिगुलर की जिम्मेदारी विकास कुमार प्रसाद ने संभाली. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी टुकड़ियों ने अनुशासित ढंग से परेड में भाग लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए







