मौनी अमावस्या पर शाही स्नान को लेकर सासाराम स्टेशन हुआ फुल

Published at :28 Jan 2025 10:14 PM (IST)
विज्ञापन
मौनी अमावस्या पर शाही स्नान को लेकर सासाराम स्टेशन हुआ फुल

ट्रेनों में रही अधिक भीड़, चढ़ने के लिए लोगों की लगी रहीं लंबी कतारें

विज्ञापन

आरपीएफ व जीआरपी रही मुस्तैद, ट्रेनों में यात्रियों को चढ़ाने में बनी सहारा

फोटो-13-

ए- धक्का-मुक्की के बीच ट्रेन पर चढ़ते लोग.

बी- वृद्ध महिला को सहारा देकर ट्रेन में चढ़ाते आरपीएफ के जवान.

सी- कतारबद्ध व माइकिंग से अपील करते हुए यात्रियों को चढ़ाती आरपीएफ.

डी- मां ताराचंडी धाम पर कुंभ जाने के दौरान जुटी श्रद्धालुओं की भीड़.

प्रतिनिधि, सासाराम ग्रामीण

प्रयागराज में लगे महाकुंभ में माघ मास की मौनी अमावस्या पर शाही स्नान बुधवार को है. शाही स्नान के लिए जिले से करीब 50 हजार से अधिक श्रद्धालु प्रयागराज के लिए रवाना हुए. किसी ने निजी वाहन, तो किसी ने ट्रेन से सफर किया. इसको ले मंगलवार की सुबह से सासाराम रेलवे स्टेशन पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. यह सिलसिला शाम तक चलता रहा. गया की ओर से आने वाली सभी ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ देखी गयी. जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंच रही थी, उसी दौरान ट्रेनों पर चढ़ने के लिए तेजी से दौड़ लगा रहे थे. हालांकि, पहले से ही ट्रेनों में भीड़ देख लोग चढ़ने से सहमे नजर आ रहे थे. लेकिन, उसी भीड़ में लोग चढ़कर सफर करने में मुनासिब भी समझ रहे थे. कई लोगों ने ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ को देखते हुए सफर से परहेज भी किया. कई यात्री ट्रेनों पर चढ़ने के दौरान रेलवे ट्रैक पर गिरते-गिरते बचे. इस तरह के माहौल को देखते हुए यात्रियों की सहायता के लिए आरपीएफ व जीआरपी मुस्तैद दिखी. बृद्ध महिलाओं व पुरुष यात्रियों को आरपीएफ व जीआरपी जवान ट्रेनों में चढ़ाते हुए नजर आये. इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक केके पांडेय व आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि महाकुंभ मेले को देखते हुए 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती की गयी है. इसके लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है.

यात्रियों को रेलवे ट्रैक पर नहीं उतरने की होती रही अपील

ट्रेन पर सवार होने के लिए कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर भी खड़े होकर ट्रेन के इंतजार कर रहे थे. इसको लेकर आरपीएफ माइक से प्रसारण कर लोगों से रेलवे ट्रैक पर नहीं उतरने की अपील कर रही थी. जो लोग रेलवे ट्रैक पर उतरने का प्रयास भी कर रहे थे, उन्हें आरपीएफ व जीआरपी की टीम संयुक्त रूप से रोक रही थी.

जीआरपी ने जिला प्रशासन से की पुलिस बलों की मांग

स्टेशन पर उमड़ रही लोगों की अत्यधिक भीड़ के कारण जीआरपी ने नगर थाना सहित जिला प्रशासन से पुलिस बलों की मांग की है. इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने बताया कि कुंभ मेले को लेकर अधिक लोग ट्रेन से सफर कर रहे हैं. भीड़ के अनुपात में जीआरपी में पुलिस बल कम हैं. इससे भीड़ नियंत्रण करने में परेशानी आ रही है. इसके मद्देनजर अधिक संख्या में पुलिस बलों की मांग की गयी है, ताकि विधि व्यवस्था में किसी प्रकार की परेशानी न हो.

प्रयागराज तक गयी धनबाद-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस

महाकुंभ को देखते हुए मंगलवार को गाड़ी संख्या 13305 धनबाद-सासाराम इंटर एक्सप्रेस को धनबाद से प्रयागराज जंक्शन तक चलाया गया. फिर भी यात्रियों की भीड़ कम नहीं हो रही थी. इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक ने बताया कि ट्रेनों का परिचालन विस्तार कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है. इससे थोड़ी भी भीड़ में कमी आ सके. उन्होंने बताया कि मंगलवार को धनबाद-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस को प्रयागराज तक चलाया गया. इसके बाद परिचालन से संबंधित वरीय अधिकारियों का निर्देश का इंतजार किया जा रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन