रोहतास के मझिआंव पंचायत में नल-जल योजना फेल, 15 टावर बेकार, सहयोग शिविर में लोगों ने उठाई कई समस्याएं

Author Ashok kumar|Edited by Vivek Singh
Updated:
विज्ञापन

टंडवा पंचायत भवन पर बीडीओ अजीत कुमार को सम्मानित करते मुखिया अनिल कुमार | Prabhat Khabar Network

रोहतास जिले के मझिआंव पंचायत में नल-जल योजना की बदहाली को लेकर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. 15 नल-जल टावर शोपीस बने हुए हैं, जिससे लोगों को स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है. शिविर में पेंशन, आधार, आवास और बिजली बिल जैसी कई अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई.

विज्ञापन

Rohtas News : रोहतास जिले के डेहरी प्रखंड अंतर्गत मझिआंव पंचायत के टंडवा पंचायत भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और 27 आवेदनों का निष्पादन किया. इस दौरान पंचायत में नल-जल योजना के ठप होने का मुद्दा प्रमुखता से उठा, जिस पर मुखिया ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया.

15 नल-जल टावर बने शोपीस, लोगों को नहीं मिल रहा स्वच्छ पानी

सहयोग शिविर में मुखिया अनिल कुमार ने कहा कि पंचायत में नल-जल योजना पूरी तरह से बदहाल है. पंचायत में लगाए गए 15 नल-जल टावर मृतप्राय हो चुके हैं, जिससे लोगों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल रहा है. उन्होंने अधिकारियों से जल्द व्यवस्था बहाल कराने की मांग की.

पेंशन, आधार, आवास और बिजली बिल की भी उठी समस्या

मुखिया ने बताया कि कई वृद्धजन पेंशन से वंचित हैं और करीब 10 लोगों का आधार कार्ड अब तक नहीं बन सका है. इसके अलावा शौचालय निर्माण की राशि का भुगतान लंबित है, कई पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित हैं तथा उपभोक्ताओं को त्रुटिपूर्ण बिजली बिल मिल रहे हैं. उन्होंने राजस्व विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जमीन की नापी तय होने के बावजूद अमीन मौके पर नहीं पहुंचते हैं.

27 आवेदनों का हुआ निष्पादन, अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा

शिविर में आंगनबाड़ी, पंचायती राज, पीएचईडी, बिजली, कृषि, जीविका, आईसीडीएस, खाद्य आपूर्ति, सामाजिक सुरक्षा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे. लोगों से प्राप्त कुल 27 आवेदनों का मौके पर निष्पादन किया गया और शेष मामलों के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया.

26 जुलाई को मनाया जाएगा पंचायत विकास दिवस

प्रखंड विकास पदाधिकारी अजीत कुमार ने कहा कि यदि शौचालय का निर्माण पूरा हो चुका है तो लाभुक मुखिया के माध्यम से आवेदन दें. जांच के बाद भुगतान किया जाएगा. उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के आधार कार्ड बनवाने के लिए आवेदन जिला भेजा जाएगा. राशन कार्ड से वंचित पात्र लोगों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि 26 जुलाई को सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस मनाया जाएगा, जहां लोगों की समस्याएं सुनकर आवेदन लिए जाएंगे और उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

शिविर में बीपीआरओ पंकज कुमार पासवान, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी मनोहर कुमार गुप्ता, कनीय विद्युत अभियंता आजाद कुमार, मनरेगा के रविरंजन पाल, कार्यपालक सहायक नीलेश कुमार, पंचायत सचिव राजीव रंजन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.


विज्ञापन
अशोक कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By अशोक कुमार सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन