महिलाएं समाज और परिवार की आधारशिला : डीडीसी
Published by : Vikash Kumar Updated At : 08 Mar 2026 9:41 PM
SASARAM NEWS.महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में शहर के समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जीविका दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय और जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक सुधीर बहादुर ने दीप प्रज्वलित कर किया.
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जीविका दीदियों के साथ आयोजित हुआ संवाद कार्यक्रम
सासाराम सदर.
महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में शहर के समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जीविका दीदियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय और जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक सुधीर बहादुर ने दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी विजय कुमार पांडेय ने कहा कि महिलाएं समाज और परिवार की आधारशिला हैं. हर महिला के भीतर आत्मविश्वास होना बेहद जरूरी है. जीवन में सबसे पहला सान्निध्य मां का मिलता है, जो सुबह सबसे पहले जागती है और रात में सबसे अंत में विश्राम करती है. परिवार के संचालन और बच्चों के संस्कारों के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है.उन्होंने कहा कि समय के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव आया है. बेटियों की शिक्षा और सशक्तीकरण पर अब अधिक ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यहां 50 प्रतिशत से अधिक महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं. हाल के चुनावों में भी महिलाओं का मतदान प्रतिशत 63 प्रतिशत रहा, जबकि पुरुषों का मतदान 59 प्रतिशत ही दर्ज हुआ.बच्चियों के उत्थान के लिए कई योजनाएं
डीडीसी ने कहा कि सरकार ने स्कूली बच्चियों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की साइकिल योजना, कन्या उत्थान योजना और पोशाक योजना सामाजिक बदलाव की सराहनीय पहल हैं.उन्होंने डीएम उदिता सिंह द्वारा शुरू की गयी पिंक टॉयलेट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आगामी दो महीनों में जिले के सभी प्रखंडों में इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी.
दीदी अधिकार केंद्र से मिल रहा सहयोग
जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक सुधीर बहादुर ने बताया कि जिले के छह प्रखंडों में दीदी अधिकार केंद्र संचालित हैं, जहां से पुलिस विभाग और डालसा को सहयोग मिल रहा है. इन केंद्रों की सफलता को देखते हुए पूरे बिहार में इनकी संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है.कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों को सम्मानित भी किया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










