काराकाट में कट्टा दिखाकर बाइक, मोबाइल-नकदी लूटी, एक घंटे में चार बदमाश गिरफ्तार

मीडिया को घटना की जानकारी देते डीएसपी सिंधु शेखर सिंह की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
काराकाट थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर हुई लूट की वारदात को पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर सुलझा लिया। चार लुटेरों को गिरफ्तार कर लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल, नकदी और हथियार बरामद किए गए हैं।
काराकाट थाना क्षेत्र के शहरी गांव और संखवा पुल के बीच गुरुवार की रात हुई हथियार के बल पर लूट की वारदात का पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक इंडिका कार, दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई मोटरसाइकिल, पर्स, मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की है. एक अन्य फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 30 जुलाई की रात थाना क्षेत्र के शहरी गांव निवासी अवधेश राम गोड़ारी बाजार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान संखवा पुल के पास इंडिका कार से पहुंचे पांच अपराधियों ने कट्टा का भय दिखाकर उनकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, पर्स तथा नकदी लूट ली और फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिक्रमगंज सिंधु शेखर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. टीम में काराकाट थाना पुलिस के साथ राजपुर थाना एवं जिला आसूचना इकाई की टीम को भी शामिल किया गया. थानाध्यक्ष विवेक कुमार, एसआई विकास कुमार, एसआई मंजीत कुमार एवं पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और राजपुर थाना क्षेत्र के दयालगंज पुल के समीप चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के सेमराडीह निवासी रितु रंजन कुमार (20), काराकाट थाना क्षेत्र के बेनसागर निवासी प्रिंस कुमार शर्मा (20), विकास कुमार (19) तथा आशीष कुमार उर्फ बबलू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार रितु रंजन के विरुद्ध पूर्व से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.
पुलिस की तत्परता और तालाशी में मिली कामयाबी
तलाशी के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इंडिका कार, दो देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, लूटा गया पर्स तथा नकदी बरामद की. वहीं लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई. गिरफ्तार सभी आरोपितों को शुक्रवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया. वहीं पीड़ित अवधेश राम ने बताया कि गोड़ारी बाजार से लौटने के दौरान एक कार काफी देर से उनका पीछा कर रही थी. संखवा पुल के पास कार से उतरे बदमाशों ने कट्टा दिखाकर बाइक, मोबाइल, पर्स और नकदी लूट ली. बदमाशों के भागने के बाद उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही देर में चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया.
डीएसपी सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से लूटकांड का सफल उद्भेदन कर लिया गया है. मामले में एक फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है तथा गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










