सासाराम में रिमझिम बारिश में निकली भव्य जगन्नाथ रथयात्रा, 'जय जगन्नाथ' के जयघोष से भक्तिमय हुआ चेनारी

फोटो कैप्शन:- शोभायात्रा में शामिल | Prabhat Khabar Network
सासाराम नगर पंचायत चेनारी में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई. रिमझिम बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना. पूरा नगर 'जय जगन्नाथ' के नारों से गूंज उठा.
Chenari Jagannath Rath Yatra Rohtas : सासाराम नगर पंचायत चेनारी में शनिवार को भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव समिति के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई. सुबह से ही शिव-पार्वती मंदिर संगत परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी. रिमझिम बारिश के बावजूद सैकड़ों महिला-पुरुष, बच्चे और युवा पूरे उत्साह के साथ रथयात्रा में शामिल हुए. पूरे नगर में "जय जगन्नाथ" और हरिनाम संकीर्तन की गूंज से भक्तिमय वातावरण बन गया.
Rohtas News : पूजन-अर्चन के बाद शुरू हुई रथयात्रा
विधिवत पूजन-अर्चन के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ रथ की रस्सियां खींचकर यात्रा का शुभारंभ किया. रथयात्रा शिव-पार्वती मंदिर संगत से निकलकर डाक बंगला मार्केट, वीआईपी कॉलोनी, संत चौक, वन विभाग कार्यालय, कर्पूरी चौक, शिव मंदिर भरंदुआ सहित नगर पंचायत के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंची.
पुष्पवर्षा और आरती से हुआ भगवान का स्वागत
रथयात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया. कई जगहों पर महिलाओं और श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की. रथ की एक झलक पाने और उसकी रस्सी खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला.
हरिनाम संकीर्तन पर झूमे श्रद्धालु
इस्कॉन मंदिर से पहुंचे भक्तों ने पूरे मार्ग में मृदंग, झांझ और हरिनाम संकीर्तन के साथ ऐसा आध्यात्मिक माहौल बनाया कि श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर नृत्य करने लगे. "तेरी डोर मेरे हाथ, जगन्नाथ..." जैसे भजनों की गूंज से पूरा नगर भक्तिरस में डूब गया.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान बालिकाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम और एकांकी प्रस्तुत कर सत्य, सेवा और भक्ति का संदेश दिया. उनकी प्रस्तुतियों को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा. कार्यक्रम ने धार्मिक आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी भर दिया.
महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन
रथयात्रा के समापन पर भगवान जगन्नाथ को विशेष रूप से सजे राधारानी मंडप में विश्राम कराया गया. इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
भक्ति और कृष्ण चेतना को बढ़ावा देने का प्रयास
महोत्सव के संचालक डॉ. मुरारी ने बताया कि चेनारी क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नियमित रूप से हरिनाम संकीर्तन, श्रीमद्भागवत कथा, मंत्र जाप और प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में कृष्ण चेतना का विस्तार और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों की आस्था को और मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










