घुटने भर पानी में डूबा नोखा का खेल मैदान, खिलाड़ियों समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षार्थी की प्रैक्टिस ठप

Updated:
विज्ञापन
फोटो –बाजार समिति खेल मैदान में जमा पानी | Prabhat Khabar Network

फोटो –बाजार समिति खेल मैदान में जमा पानी

नोखा का बाजार समिति खेल मैदान पिछले पांच दिनों से घुटने भर पानी में डूबा हुआ है, जिससे खिलाड़ियों की प्रैक्टिस पूरी तरह ठप है. यह जलजमाव न केवल खिलाड़ियों बल्कि अग्निवीर और सिपाही भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को भी प्रभावित कर रहा है.

विज्ञापन

Nokha Sports Ground Waterlogged : नोखा नगर परिषद क्षेत्र के एकमात्र प्रमुख खेल मैदान, बाजार समिति खेल मैदान में पिछले पांच दिनों से घुटने भर पानी जमा है, जिससे खिलाड़ियों की नियमित प्रैक्टिस पूरी तरह ठप हो गई है. फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी जैसे विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ी मैदान में उतरने से वंचित हैं.

जलजमाव का असर खिलाड़ियों ,अग्निवीर, सिपाही भर्ती समत अन्य प्रतियोगी परीक्षार्थी

जलजमाव का असर केवल खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि अग्निवीर, सिपाही भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की दौड़ और शारीरिक अभ्यास भी पूरी तरह बंद हो गया है. इससे उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है.

नोखा, जो अंग्रेजी शासनकाल से जमींदारी व्यवस्था के लिए जाना जाता था, आज आजादी के बाद प्रखंड, नगर पंचायत और अब नगर परिषद तक का सफर तय कर चुका है, लेकिन खेल सुविधाओं का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है. करीब 40 वर्ष पहले स्थापित कृषि बाजार समिति परिसर का खाली हिस्सा ही आज पूरे प्रखंड के खिलाड़ियों के लिए एकमात्र खेल मैदान है. लगभग 56 हजार की आबादी वाले नगर क्षेत्र में इसके अलावा कोई समुचित खेल परिसर उपलब्ध नहीं है.

लगातार बारिश के कारण मैदान पूरी तरह जलमग्न हो गया है. खिलाड़ियों का कहना है कि पानी निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष यही समस्या उत्पन्न होती है. मैदान में मिट्टी की भराई तो की गई, लेकिन जल निकासी के लिए नाला नहीं बनाया गया, जिससे थोड़ी बारिश में भी मैदान तालाब में तब्दील हो जाता है.

बुजुर्गों को भी काफी परेशानी हो रही

शाम के समय टहलने आने वाले बुजुर्गों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों का कहना है कि अभ्यास बाधित होने से उनके प्रदर्शन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.

क्या कहते हैं खिलाड़ी

राजू तिवारी, खेल शिक्षक ने कहा कि मैदान में पानी भर जाने से खिलाड़ियों की प्रैक्टिस पूरी तरह बंद हो गई है. राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं नजदीक हैं, लेकिन बच्चे बिना अभ्यास के लौट रहे हैं.

आरिफ खान, खिलाड़ी ने बताया कि जलजमाव के कारण दौड़ की तैयारी नहीं हो पा रही है. उन्होंने प्रशासन से जल्द पानी निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की.

ओमप्रकाश चौधरी, फुटबॉल कोच का कहना है कि हर साल यही समस्या होती है. मैदान में मिट्टी भराई तो हुई, लेकिन पानी निकासी के लिए नाला नहीं बनाया गया. उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से इस दिशा में गंभीरता से ध्यान देने की अपील की.

रूबी कुमारी, महिला फुटबॉल खिलाड़ी ने कहा कि पांच दिनों से मैदान में पानी भरा है. बिना संसाधनों के भी यहां के खिलाड़ी हर साल पदक जीतते हैं, लेकिन अब अभ्यास बंद होने से उनकी तैयारी प्रभावित हो रही है. उन्होंने प्रशासन से जल्द समाधान निकालने की मांग की.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन