Saran News : आइएएस बनी गांव की बेटी, रिशा रानी ने पहले प्रयास में पास की यूपीएससी मुख्य परीक्षा
Published by : SHAH ABID HUSSAIN Updated At : 23 Apr 2025 10:46 PM
मांझी प्रखंड स्थित नसीरा पंचायत के खुटकढ़वां गांव की बेटी रिशा रानी ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की मुख्य परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर दिया है.
दाउदपुर (मांझी)
. मांझी प्रखंड स्थित नसीरा पंचायत के खुटकढ़वां गांव की बेटी रिशा रानी ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की मुख्य परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने गांव, बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर दिया है. रिशा की इस बड़ी उपलब्धि पर उसके परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी की लहर है. लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं और गर्व महसूस कर रहे हैं. रिशा रानी रामानंद ठाकुर और इंदुबाला देवी की पुत्री हैं. उनके दादा राज किशोर ठाकुर गांव में रहते हैं. रिशा की प्रारंभिक शिक्षा हैप्पी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हुई, जिसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स और एलएलबी किया. पिता रामानंद ठाकुर दिल्ली में चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, जबकि मां एक कुशल गृहिणी हैं. रिशा ने दिल्ली में रहकर इसकी तैयारी की और कड़ी मेहनत तथा परिवार के सहयोग से पहले ही प्रयास में सफलता पायी. रिशा की इस कामयाबी से गांव के लोग बेहद उत्साहित हैं. रिश्तेदारों व ग्रामीणों जैसे तारकेश्वर ठाकुर, बीरेंद्र उपाध्याय, बीरबल प्रसाद गुप्ता, जगत नारायण प्रसाद, रामबाबू पांडेय सहित कई लोगों ने कहा कि रिशा ने गांव का मान बढ़ाया है.
मुखिया प्रतिनिधि उदय सागर राम, रालोमो नेता ओमप्रकाश कुशवाहा, राजद नेता गुड्डू कुशवाहा फौजी समेत अन्य नेताओं व ग्रामीणों ने रिशा को बधाई देते हुए इसे पूरे गांव के लिए गर्व की बात बतायी. रिशा की सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










