पारामेडिकल कॉलेज में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़े, बढ़ा तनाव

सदर अस्पताल स्थित पारा मेडिकल कॉलेज में छात्रों की समस्याएं कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही हैं.
छपरा. सदर अस्पताल स्थित पारा मेडिकल कॉलेज में छात्रों की समस्याएं कम होने के बजाय लगातार बढ़ती जा रही हैं. अव्यवस्था और आपसी विवाद के कारण गत सोमवार को कॉलेज परिसर का माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गये. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गयी. घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद व प्रभारी प्राचार्य डॉ जितेंद्र मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. इसके बाद कॉलेज प्रशासन ने एहतियातन तत्काल पढ़ाई भी रोक दी. वही सोमवार की देर रात्रि भी इस बात को लेकर विवाद बढ़ा तो मारपीट शुरू हो गयी. मौके पर पहुंची भगवान बाजार पुलिस के द्वारा समझाया बुझाया गया. इस संदर्भ में भगवान बाजार थानाध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि छात्रों के गुट पर मारपीट हुई है लेकिन आवेदन प्राप्त नहीं हो पाया है. विदित हो कि छात्रों के बीच कॉलेज की व्यवस्थाओं को लेकर लंबे समय से असंतोष बना हुआ है. एक गुट का कहना है कि पूर्व में उठायी गयी कई समस्याओं को प्रभारी प्राचार्य द्वारा दूर किया गया है और व्यवस्थाओं में सुधार लाने का प्रयास किया गया है. वहीं दूसरे गुट के छात्रों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों से पैसा लेकर ही सुविधाओं को अपडेट किया गया है, लेकिन इसके बावजूद लैब समय पर नहीं खुल रही है और पढ़ाई नियमित रूप से संचालित नहीं हो पा रही है. छात्रों का आरोप है कि लैब, उपकरण और प्रैक्टिकल क्लास की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




