Saran News : रेलवे फाटक तोड़ ट्रैक के बीच में फंसा ट्रक, तीन घंटे बाधित रहा परिचालन

Updated at : 21 Apr 2025 4:29 PM (IST)
विज्ञापन
Saran News : रेलवे फाटक तोड़ ट्रैक के बीच में फंसा ट्रक, तीन घंटे बाधित रहा परिचालन

Saran News : पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-बलिया रेलखंड और एनएच-19 पर स्थित 65ए मझनपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया.

विज्ञापन

मांझी. पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा-बलिया रेलखंड और एनएच-19 पर स्थित 65ए मझनपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. वाराणसी से गिट्टी लादकर रेवाघाट जा रहा एक हाइवा ट्रक सुबह लगभग 5:35 बजे अनियंत्रित होकर रेलवे फाटक को तोड़ते हुए सीधे अप और डाउन दोनों रेल पटरियों पर चढ़ गया.

गनीमत रही कि घटना के समय रेलवे क्रॉसिंग पर कोई राहगीर या वाहन मौजूद नहीं था, अन्यथा जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था. घटना की जानकारी मिलते ही गेटमैन हरेराम यादव ने तत्परता दिखाते हुए मांझी, गौतम स्थान और बकुल्हा स्टेशनों के स्टेशन मास्टरों सहित वरीय रेलवे अधिकारियों को सूचित किया. इसके बाद छपरा और बलिया स्टेशनों पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार, चालक को नींद आने के कारण यह दुर्घटना हुई, वहीं चालक का दावा है कि ट्रक के ब्रेक फेल हो गये थे, जिस कारण वह नियंत्रण खो बैठा.

परिचालन तीन घंटे रहा प्रभावित

रेलवे ट्रैक पर ट्रक चढ़ने के कारण तीन घंटे तक अप और डाउन साइड की लगभग आधा दर्जन ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा. कई ट्रेनें छपरा, बलिया, गौतम स्थान और बकुल्हा स्टेशनों पर खड़ी रहीं. इसी के साथ, छपरा-मांझी मुख्य मार्ग पर भी यातायात बाधित हो गया. सड़क वनवे होने के कारण पुलिस को वाहनों को सावधानीपूर्वक ट्रैक पार कराना पड़ा. सहायक पुलिस अधीक्षक सह मांझी थानाध्यक्ष संकेत कुमार ने मौके पर पहुंचकर पुलिस बल के साथ मिलकर ट्रैफिक और भीड़ को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभायी. घटना के बाद सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश कुमार पंवार, बलिया के एडीएन प्रियांजल शुक्ला, पीडब्ल्यूआइ अशोक कुमार और राज कुमार सिंह, आइओडब्ल्यू बीपी सिंह, छपरा के एजीएन एके राय, जीआरपी प्रभारी लक्ष्मण सिंह, रेल सीआइडी इंस्पेक्टर विकास यादव मौके पर मौजूद रहे. घटना के बाद आरपीएफ, जीआरपी और मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. दो जेसीबी और दो क्रेन की मदद से लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को रेल पटरियों से हटाया गया. ट्रक पर लदी गिट्टी को नीचे गिराया गया, तब जाकर हाइवा को हटाया जा सका. रेलवे पुलिस ने हाइवा ट्रक को जब्त कर लिया और चालक अरविंद कुमार बिंद, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी है, उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ALOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ALOK KUMAR

ALOK KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन