जेपीयू स्नातक नामांकन की तीसरी मेधा सूची आज होगी जारी, 27 जुलाई से शुरू होगा एडमिशन

जेपीयू का प्रशासनिक भवन
Saran News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) स्नातक सत्र 2026-30 के लिए आज तीसरी मेधा सूची जारी करेगा। नामांकन प्रक्रिया 27 जुलाई से शुरू होकर 30 जुलाई तक चलेगी। विश्वविद्यालय ने छात्रों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
Saran News : जयप्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के अंतर्गत स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए तीसरी मेधा सूची रविवार को जारी की जाएगी. मेधा सूची जारी होने के बाद 27 जुलाई से संबंधित कॉलेजों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन शुरू होगा. विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से समय पर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
30 जुलाई तक कराना होगा नामांकन
छात्र कल्याण विभाग (डीएसडब्ल्यू) के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर तीसरी मेधा सूची प्रकाशित कर दी जाएगी. छात्र-छात्राएं अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से मेधा सूची में अपना नाम देख सकेंगे. जिन अभ्यर्थियों का नाम सूची में होगा, उन्हें 30 जुलाई तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. एक अगस्त से तीसरी मेधा सूची में शामिल छात्रों की कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी.
करीब 12 हजार छात्रों का होगा चयन
विश्वविद्यालय की ओर से जारी होने वाली तीसरी मेधा सूची में करीब 12 हजार छात्र-छात्राओं के नाम शामिल किए जाएंगे. निर्धारित अवधि के भीतर नामांकन नहीं कराने वाले अभ्यर्थियों का आवेदन स्वतः निरस्त माना जाएगा.
स्पॉट एडमिशन की भी बन सकती है संभावना
तीसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय स्पॉट एडमिशन का अवसर भी दे सकता है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक निर्देश जारी नहीं किया गया है. पिछले तीन शैक्षणिक सत्रों में पहली, दूसरी और तीसरी मेधा सूची के बाद स्पॉट एडमिशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी.
सभी कॉलेजों में संचालित रहेगा सहायता केंद्र
कुलपति प्रो. परमेंद्र कुमार बाजपेयी के निर्देश पर डीएसडब्ल्यू ने सभी अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी किया है. इसके तहत प्रत्येक कॉलेज में छात्र-छात्रा सहायता केंद्र सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित रहेगा. सहायता केंद्र के प्रभारी छात्र-छात्राओं की नामांकन से जुड़ी समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे. साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद ही नामांकन शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
जानिए नामांकन की पूरी प्रक्रिया
तीसरी मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं को सबसे पहले विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपना नाम देखना होगा. आवेदन के समय जिन तीन कॉलेजों का विकल्प दिया गया था, उनमें से मेधा अंक के आधार पर किसी एक कॉलेज का आवंटन किया गया है. इसके बाद अभ्यर्थियों को अपना अलॉटमेंट लेटर और मेधा सूची की प्रति डाउनलोड करनी होगी. ऑनलाइन आवेदन पत्र की कॉपी, इंटरमीडिएट का अंकपत्र, उत्तीर्णता प्रमाण पत्र, एडमिट कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कॉलेज में सत्यापन कराना होगा. दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही नामांकन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










