रांची में सेंट्रिंग से गिरकर दरियापुर के राजमिस्त्री की मौत, शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम
मृतक नुरैन के रोते-बिलखते परिजन
Saran News : रांची में एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे दरियापुर के राजमिस्त्री नुरैन की सेंट्रिंग गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने उनके परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है. गांव में मातम का माहौल है.
Saran News : दरियापुर प्रखंड के महम्मदपुर गांव निवासी एक राजमिस्त्री की रांची में निर्माण कार्य के दौरान सेंट्रिंग से गिरने से मौत हो गई. मृतक की पहचान शौकत मियां के 35 वर्षीय पुत्र नुरैन के रूप में हुई है. शनिवार सुबह उनका शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि नुरैन रांची में राजमिस्त्री का कार्य करते थे. घटना के समय वह एक निर्माणाधीन मकान में सेंट्रिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक सेंट्रिंग टूट गई, जिससे वह नीचे जमीन पर गिर पड़े. हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
शव पहुंचते ही परिवार में मचा कोहराम
शनिवार सुबह नुरैन का शव उनके पैतृक गांव महम्मदपुर पहुंचा. शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया और लोगों की भीड़ मृतक के घर पर जुट गई.
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने दी सांत्वना
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व जिला पार्षद राजनाथ राय, मुख्य प्रतिनिधि अजय राम, समाजसेवी लालू खान सहित कई स्थानीय लोग मृतक के घर पहुंचे. सभी ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
परिवार का इकलौता सहारा थे नुरैन
नुरैन दो भाइयों में बड़े थे. उनके परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी और तीन छोटे बेटे हैं. परिवार की आजीविका पूरी तरह उनकी मजदूरी पर निर्भर थी. उनकी असमय मौत के बाद पूरा परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट में आ गया है.
गांव में शोक, भविष्य की चिंता
ग्रामीणों ने बताया कि नुरैन मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति थे. उनकी कमाई से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था. उनकी मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरा गांव मर्माहत है. ग्रामीणों का कहना है कि अब वृद्ध माता-पिता, पत्नी और छोटे बच्चों की जिम्मेदारी कैसे पूरी होगी, यह सबसे बड़ी चिंता का विषय बन गया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए