सारण के तरैया बाजार में जलजमाव पर जागा पथ निर्माण विभाग, जेसीबी से खुलवाया बंद नाला

Updated:
विज्ञापन

तरैया चौक पर बंद नाले की निकासी को तोड़ते जेसीबी व पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारी

तरैया बाजार में वर्षों से जलजमाव की समस्या ने लोगों को परेशान कर रखा था. लगातार बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर जाता था, जिससे आवागमन मुश्किल हो जाता था. प्रभात खबर की खबर और विधायक व बीडीओ के हस्तक्षेप के बाद पथ निर्माण विभाग हरकत में आया और जेसीबी की मदद से बंद नाले को खोलकर जल निकासी की व्यवस्था सुचारू कर दी है.

विज्ञापन

Taraiya market waterlogging: तरैया बाजार की मुख्य सड़कों पर बारिश के पानी के जलजमाव की समस्या से तरैयावासी, व्यवसायी और राहगीर वर्षों से परेशान थे. लगातार बारिश के बाद बाजार की मुख्य सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी. अब पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जलनिकासी की समस्या को दूर करने की पहल शुरू कर दी है.

सोमवार को पथ निर्माण विभाग के वरीय पदाधिकारी और कनीय अभियंता जेसीबी के साथ तरैया बाजार के पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचे. अधिकारियों की मौजूदगी में बंद पड़े नाले की सफाई और पानी निकासी का काम शुरू कराया गया. जेसीबी की मदद से पोस्ट ऑफिस चौक के समीप गली से होकर जाने वाले बंद नाले को खोला गया.

प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया विभाग

तरैया बाजार में जलजमाव की समस्या को लेकर प्रभात खबर लगातार खबर प्रकाशित करता रहा है. 4 अगस्त 2026 को प्रभात खबर में 'तरैया बाजार की सड़कों पर चारों तरफ लगा है बारिश का पानी, आमजन व राहगीर परेशान' शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी. खबर प्रकाशित होने के बाद पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और जलनिकासी की समस्या को दूर करने की पहल की.

चार से छह घंटे की मशक्कत के बाद खुला बंद नाला

पथ निर्माण विभाग के कनीय अभियंता निशांत कुमार राज और कनीय अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि तरैया बाजार की मुख्य सड़कों पर बारिश के कारण होने वाले जलजमाव से अब आम लोगों को राहत मिलेगी. जेसीबी की मदद से तरैया पोस्ट ऑफिस चौक के समीप गली से होकर जाने वाले पानी निकासी के बंद नाले को खोला गया.

जेसीबी के माध्यम से करीब चार से छह घंटे तक लगातार प्रयास किया गया. इस दौरान पक्के नाले को तोड़कर अवरुद्ध पानी निकासी को साफ किया गया. नाला खुलते ही बाजार में जमा बारिश का पानी नाले के रास्ते खदरा नदी में गिरने लगा. इससे बाजार की मुख्य सड़कों पर जमा पानी की निकासी शुरू हो गयी.

विधायक ने विभाग को भेजा था पत्र

तरैया बाजार में जलजमाव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों और व्यवसायियों की ओर से लगातार शिकायत की जा रही थी. इसके बाद बिहार विधानसभा याचिका समिति के सभापति सह तरैया विधायक जनक सिंह ने पथ निर्माण विभाग को पत्र भेजकर बंद नाले को खुलवाने और उसकी सफाई कराने की मांग की थी.

विधायक की ओर से भेजे गये पत्र के आलोक में पथ निर्माण विभाग ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को जेसीबी के माध्यम से बंद नाले को खुलवाया. नाला खुलने के बाद पानी की निकासी शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद जतायी है.

बीडीओ ने भी किया था बंद नाले का निरीक्षण

तरैया बीडीओ विभु विवेक ने भी 6 अगस्त को बंद नाले का निरीक्षण किया था. निरीक्षण के बाद उन्होंने इसकी जानकारी विधायक और पथ निर्माण विभाग के पदाधिकारियों को दी थी. बीडीओ ने जलजमाव की समस्या को देखते हुए बंद नाले को जल्द से जल्द खुलवाने की मांग की थी, ताकि आम लोगों को परेशानी से राहत मिल सके.

वर्षों से जलजमाव की समस्या से परेशान थे लोग

तरैया बाजार की मुख्य सड़कों पर जलजमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी. बारिश होते ही सड़क पर पानी जमा हो जाता था. इससे दुकानदारों के साथ राहगीरों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था. कई बार पानी दुकानों के सामने तक पहुंच जाता था. नाले की निकासी बंद रहने के कारण बारिश का पानी आसानी से बाहर नहीं निकल पाता था.

अब नाले की निकासी खुलने के बाद बाजार में जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों ने नाले की नियमित सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त रखने की मांग की है.

मौके पर मौजूद रहे कई लोग

नाला खोलने के दौरान बीसूत्री अध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष मेवालाल सहनी, अनिल सिंह, शैलेन्द्र सिंह, कनीय अभियंता निशांत कुमार राज, कनीय अभियंता संजीव कुमार समेत विभाग के अन्य कर्मी और तरैया बाजार के स्थानीय लोग मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: सीसीटीवी फुटेज से खुला राज: अपहरण नहीं, दुष्कर्म का मामला; दो आरोपी गिरफ्तार, होटल सील करने की प्रक्रिया शुरू


विज्ञापन
मनोज कुमार

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन