सोनपुर हरिहरनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा परिसर
हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु
सावन की दूसरी सोमवारी पर सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. ब्रह्म मुहूर्त में मंगला आरती के बाद मंदिर के पट खुलते ही हर-हर महादेव के जयकारों से परिसर गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने गंगा और गंडक में स्नान कर बाबा का जलाभिषेक किया.
Sonpur Hariharnath Temple: हरिहर क्षेत्र सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. ब्रह्म मुहूर्त में करीब तीन बजे नित्य मंगला आरती के बाद बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पट विधि-विधान के साथ आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिये गये. पट खुलते ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा.
गंगा और गंडक में स्नान कर श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा और गंडक नदी में स्नान कर पवित्र जल लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे. श्रद्धालुओं ने बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक कर परिवार और समाज की सुख-शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की.
श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर में अरघा के माध्यम से जलाभिषेक की व्यवस्था की गयी थी. इसके कारण श्रद्धालु कतारबद्ध होकर आसानी से बाबा पर जल अर्पित कर सके. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही.
कालीघाट से पहलेजा घाट धाम तक रही श्रद्धालुओं की भीड़
सावन की दूसरी सोमवारी को लेकर हरिहर क्षेत्र में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ती रही. कालीघाट से लेकर पहलेजा घाट धाम तक श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली. बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा और गंडक नदी में स्नान करने के बाद जल लेकर बाबा हरिहरनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचे.
पुजारियों ने कराया विधिवत पूजा-अर्चना और जलाभिषेक
मंदिर के पुजारी आचार्य सुशील चंद्र शास्त्री, पंडित पवन पाण्डेय, बमबम बाबा, गजेंद्र पाण्डेय, सदानंद पाण्डेय, नंद बाबा और रमेश तिवारी सहित अन्य पुजारियों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कराया. नित्य पूजा और मंगला आरती के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के पट खोल दिये गये.
सोनपुर के अन्य शिवालयों में भी उमड़ी भीड़
बाबा हरिहरनाथ मंदिर के अलावा सोनपुर क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों और धार्मिक स्थलों पर भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही. गौड़ी शंकर मंदिर, लोक सेवा आश्रम परिसर स्थित सूर्य मंदिर एवं शनिदेव मंदिर, राधा-कृष्ण मंदिर, स्टेशन गेट स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, जड़भरत आश्रम और बाबा नेहालनाथ मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया.
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की. मंदिरों में दिनभर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे.
शाम को विशेष सजावट बनी आकर्षण का केंद्र
शाम के समय बाबा हरिहरनाथ मंदिर की विशेष सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही. समाजसेवी ठाकुर अमित सिंह एवं निवर्तमान वार्ड पार्षद प्रियांजली सिंह की ओर से मंदिर की सजावट करायी गयी और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में दिनभर भक्ति का माहौल बना रहा. हर तरफ हर-हर महादेव, जय बाबा हरिहरनाथ और बोल बम के जयघोष सुनाई देते रहे. श्रद्धालुओं ने बाबा हरिहरनाथ के दर्शन कर परिवार एवं समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की.
मंदिर न्यास समिति के सदस्य सेवा में रहे मौजूद
मंदिर सदस्यों के अनुसार न्यास समिति के विजय कुमार सिंह, निर्भय कुमार सिंह कृष्ण, चंद्र भूषण तिवारी और मिथिलेश सिन्हा सहित अन्य सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा और व्यवस्था में लगे रहे. मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गयी.
इसे भी पढ़ें: सीसीटीवी फुटेज से खुला राज: अपहरण नहीं, दुष्कर्म का मामला; दो आरोपी गिरफ्तार, होटल सील करने की प्रक्रिया शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











