सीसीटीवी फुटेज से खुला राज: अपहरण नहीं, दुष्कर्म का मामला; दो आरोपी गिरफ्तार, होटल सील करने की प्रक्रिया शुरू
घटना की जानकारी देते एसपी पूरन कुमार झा एवं एसडीपीओ
सीवान में युवती के अपहरण की खबर झूठी साबित हुई. पुलिस जांच में यह मामला दुष्कर्म का निकला, जिसके बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मामले में एक होटल को सील करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
Siwan girl kidnapping case: शहर के वीएम उच्च विद्यालय के पास से युवती के अपहरण की सूचना मिलने के बाद शुरू हुई पुलिस जांच में मामले का घटनाक्रम अलग सामने आया है. पुलिस के अनुसार, वीएमएच स्कूल के पास से युवती के अपहरण की बात जांच में पूरी तरह निराधार पायी गयी है. हालांकि, प्रारंभिक जांच में युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है.
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. अलग-अलग थानों की पुलिस को विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जिम्मेदारी दी गयी. मुफस्सिल थानाध्यक्ष को बांसोपाली भेजकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये गये, जबकि महिला थानाध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया.
सीसीटीवी फुटेज से खुला घटनाक्रम
पुलिस ने वीएमएच स्कूल से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की. तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर की गयी जांच में पुलिस को ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिससे वीएमएच स्कूल के पास से युवती के अपहरण की पुष्टि हो सके.
एसपी के अनुसार, जांच में पता चला कि युवती अस्पताल रोड पर एक युवक के साथ मिली थी. इसके बाद दोनों शहर के शांति बट वृक्ष के समीप स्थित एक होटल पहुंचे थे. पुलिस ने इसे मामले का महत्वपूर्ण घटनास्थल माना और होटल के टॉप फ्लोर स्थित संबंधित कमरे की तलाशी ली.
पुलिस ने कमरे से कुछ सामग्रियां बरामद करने के साथ वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाये हैं. होटल के रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
बांसोपाली के खेत से भी जुटाये गये साक्ष्य
पुलिस जांच में बांसोपाली गांव स्थित मक्के का खेत भी मामले का दूसरा महत्वपूर्ण घटनास्थल सामने आया है. पुलिस के अनुसार, घटना के बाद युवती वहां गयी थी. घटनास्थल से भी पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाये हैं.
इसके बाद युवती और युवक के एक मेडिकल शॉप तक पहुंचने की जानकारी पुलिस को मिली. पुलिस ने वहां भी जांच कर कुछ साक्ष्य जुटाये हैं. पूरे घटनाक्रम को वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
दुष्कर्म के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला दुष्कर्म का प्रतीत होने के बाद इसी आधार पर अनुसंधान और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गयी है.
मामले में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलेथा गांव निवासी अभिषेक बरनवाल और उसके साथी सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
होटल की भूमिका की भी जांच
पुलिस ने संबंधित होटल की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखा है. होटल के रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है. एसपी ने बताया कि होटल को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
यदि जांच में होटल प्रबंधन या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
युवक-युवती की पूर्व पहचान की भी जांच
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि युवती और आरोपी युवक पहले से एक-दूसरे को जानते थे या नहीं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वैज्ञानिक साक्ष्य, मोबाइल एवं अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर मामले की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है.
एसपी ने स्पष्ट किया कि वीएमएच स्कूल के पास से युवती के अपहरण की घटना पुलिस जांच में सही नहीं पायी गयी है. प्रारंभिक सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन जांच और सीसीटीवी फुटेज के बाद अपहरण की बात निराधार सामने आयी. वहीं, युवती के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर दुष्कर्म के आरोप की जांच जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











