सारण के शेरपुर-दिघवारा सिक्सलेन सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध, बाल-बच्चों संग धरने पर बैठे किसान
जमीन अधिग्रहण के खिलाफ रविवार को बाल बच्चों के साथ धरना प्रदर्शन करते किसान
शेरपुर-दिघवारा के बीच प्रस्तावित सिक्सलेन सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया. अपनी जमीन बचाने और भूमिहीन होने के डर से ग्रामीण लामबंद हुए. सरकार से वैकल्पिक मार्ग पर विचार करने की मांग की गई है.
Saran News: शेरपुर-दिघवारा के बीच प्रस्तावित सिक्सलेन सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण के विरोध में रविवार को दरियापुर प्रखंड के धर्मांगत टोला सामुदायिक भवन परिसर में किसानों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. किसान अपने बाल-बच्चों के साथ धरने पर बैठे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान किसानों ने प्रस्तावित जमीन अधिग्रहण का विरोध करते हुए अपनी जमीन बचाने का संकल्प लिया.
बताया जाता है कि शेरपुर-दिघवारा के बीच सिक्सलेन पुल का निर्माण चल रहा है. इसी पुल के समानांतर सरकार की ओर से सिक्सलेन सड़क निर्माण की योजना है. इसके लिए मटिहान, धर्मांगत, रामपुर जैती, जैतीपुर सहित आसपास के गांवों में किसानों की खेती और आबादी वाली जमीन का सर्वे किया जा रहा है.
जमीन गयी तो भूमिहीन हो जाएंगे किसान
धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि प्रस्तावित सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण होने से बड़ी संख्या में किसान भूमिहीन हो जाएंगे. खेती की जमीन चली जाने के बाद उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो जाएगा.
किसानों ने कहा कि उनकी जमीन ही परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है. जमीन अधिग्रहण होने पर बच्चों की पढ़ाई और परिवार के खर्च तक पर संकट आ सकता है. इसलिए वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं हैं.
हाजीपुर-छपरा फोरलेन को सिक्सलेन करने का दिया विकल्प
किसानों ने कहा कि सरकार के पास सड़क निर्माण के लिए अन्य विकल्प भी मौजूद हैं. उनके अनुसार, बगल से गुजर रहे हाजीपुर-छपरा फोरलेन को सिक्सलेन में विकसित कर इस दिशा में सड़क निर्माण की जरूरत को पूरा किया जा सकता है.
किसानों का आरोप है कि अन्य विकल्पों पर विचार करने के बजाय सरकार जानबूझकर उनकी जमीन की ओर से सड़क निर्माण की योजना बना रही है. इससे बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीण परिवारों को नुकसान होने की आशंका है.
बोले किसान- जरूरत पड़ी तो न्यायालय जाएंगे
धरने के दौरान किसानों ने एक स्वर में कहा कि वे अपनी जमीन नहीं देंगे. किसानों ने कहा कि जमीन अधिग्रहण के खिलाफ उनका विरोध आगे भी जारी रहेगा. जरूरत पड़ने पर वे न्यायालय की शरण लेने से भी पीछे नहीं हटेंगे.
किसानों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि सड़क निर्माण की योजना पर पुनर्विचार किया जाए और ऐसा विकल्प तलाशा जाए, जिससे किसानों की खेती और आबादी वाली जमीन प्रभावित न हो.
धरने में बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
धरना-प्रदर्शन में बसपा नेता एवं पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. अविनाश कुमार, जनार्दन सिंह, जीवेंद्र प्रसाद राय, प्रवीण कुमार राय, अभय कुमार राय, राजेश राय, सुमन्ती देवी, पप्पू पंडित, बुधन राय, निर्मला देवी, मिनता देवी, चंपा देवी, इंद्रा देवी, रंजीत कुमार सिंह, निशु नारायण राय, मनोज कुमार राय, विजय राय, पंकज कुमार, मुन्ना सिंह, हरि नारायण राय, वकील साह, लालबाबू राय, कौशल राय सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











