छपरा में 40 लाख से बना ड्रेनेज बना जलजमाव की वजह, वार्ड आयुक्त ने डीएम से लगाई गुहार

Updated:
विज्ञापन

सड़क पर जमा नाले का पानी

छपरा नगर निगम के वार्ड एक में 40 लाख की लागत से बना ड्रेनेज सिस्टम जल निकासी की समस्या को हल करने के बजाय उसे और बढ़ा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि ड्रेनेज का सड़क से काफी ऊंचा बना होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है, जिससे जलजमाव और कीचड़ की स्थिति गंभीर हो गई है.

विज्ञापन

Saran drainage waterlogging: सरकार के लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी यदि जल निकासी की समस्या दूर होने के बजाय और बढ़ जाए तो सवाल उठना स्वाभाविक है. ऐसा ही मामला छपरा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या एक में सामने आया है. यहां जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करीब 40 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज का निर्माण कराया गया, लेकिन निर्माण के बाद स्थानीय लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ गयी है.

स्थानीय लोगों और वार्ड आयुक्त का कहना है कि ड्रेनेज को सड़क से काफी ऊंचा बना दिया गया है. इसके कारण बारिश और नालियों का पानी ड्रेनेज में जाने के बजाय सड़क पर ही जमा हो रहा है. जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. मामले को लेकर वार्ड आयुक्त रेशमा खातून ने नगर आयुक्त और जिलाधिकारी को पत्र देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है.

200 मीटर लंबा ड्रेनेज, सड़क से काफी ऊंचा

नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या एक में अजायबगंज मठिया के पास करीब 200 मीटर लंबाई में ड्रेनेज का निर्माण कराया गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला सड़क के लेवल से करीब 9 इंच से लेकर डेढ़ फीट तक ऊंचा बना दिया गया है.

लोगों के अनुसार पहले सड़क पर जमा होने वाला पानी नाले में चला जाता था. लेकिन नये ड्रेनेज का लेवल सड़क से ऊंचा होने के कारण पानी नाले में जाने के बजाय सड़क पर ही जमा रह जाता है. इससे इलाके में जलजमाव और कीचड़ की समस्या बढ़ गयी है.

नाला बना, लेकिन जल निकासी की समस्या नहीं हुई दूर

स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समस्या दूर करने के उद्देश्य से ड्रेनेज का निर्माण कराया गया था. लेकिन निर्माण के बाद स्थिति उलट हो गयी है. लोगों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद उन्हें जलजमाव से राहत नहीं मिली.

लोगों की परेशानी उन्हीं की जुबानी

मुन्ना कुमार ने कहा कि नाला का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन यह सुविधा के बजाय दुविधा पैदा कर रहा है. लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों की परेशानी दूर नहीं हुई है.

टूना आलम, अजायबगंज ने कहा कि नाला सड़क से करीब 9 इंच से लेकर डेढ़ फीट तक ऊंचा बना दिया गया है. ऐसे में सड़क का पानी नाले में कैसे जाएगा. इससे समस्या और बढ़ गयी है.

संतोष सिंह, अजायबगंज ने कहा कि जिस तरह से ड्रेनेज का निर्माण किया गया है, उससे साफ है कि जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं हुआ है. सरकार के लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.

वार्ड आयुक्त ने नगर आयुक्त और डीएम से मांगा समाधान

वार्ड आयुक्त रेशमा खातून ने कहा कि वार्ड की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करीब 40 लाख रुपये की लागत से ड्रेनेज का निर्माण कराया गया है. लेकिन ड्रेनेज सड़क से काफी ऊंचा है. इसके कारण जल निकासी की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है.

उन्होंने नगर आयुक्त और जिलाधिकारी को पत्र देकर जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.

अधिकारी बोले- सड़क बनने के बाद ठीक हो जाएगा लेवल

नगर निगम के सहायक अभियंता राहुल कुमार ने कहा कि यह बात सही है कि ड्रेनेज सड़क से काफी ऊंचा बनाया गया है. लेकिन इसके पीछे वजह यह है कि जल्द ही रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट की ओर से सड़क का निर्माण कराया जाना है.

उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण होने के बाद उसका लेवल ड्रेनेज के अनुरूप हो जाएगा. इसके बाद जल निकासी की समस्या दूर होने की उम्मीद है.

Also Read: फुलवरिया की गलियों में साइकिल चलाते दिखे तेज प्रताप, गाय का दूध दुहा और निकाला गन्ने का जूस, पिता लालू को लेकर कही दिल की बात


विज्ञापन
संजय भारद्वाज

लेखक के बारे में

By संजय भारद्वाज

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन