गर्मी में बिजली ने बढ़ाई मुसीबत, 8 घंटे तक बाधित रही सप्लाई, सारण में लोगों का हाल बेहाल
Published by : Sakshi kumari Updated At : 21 May 2026 11:17 AM
जर्जर स्थिति में ट्रांसफार्मर
भीषण गर्मी के बीच शहर के कई इलाकों में बुधवार की रात और गुरुवार सुबह तक लंबी बिजली कटौती से लोग परेशान रहे.
Saran News: (संजय भारद्वाज) भीषण गर्मी के बीच शहर के कई इलाकों में बुधवार की रात और गुरुवार सुबह तक लंबी बिजली कटौती से लोग परेशान रहे. हालात ऐसे रहे कि आम लोगों के साथ-साथ अफसरों की भी परेशानी बढ़ गई. बिजली गुल रहने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई और रात की नींद तक हराम हो गई.
वीआईपी इलाकों में भी अंधेरा, अफसर भी हुए परेशान
शहर के कई वीआईपी इलाकों में घंटों बिजली गायब रही. इसमें राजेंद्र स्टेडियम, डीआईजी आवास और सर्किट हाउस के पीछे के इलाके शामिल रहे. इसके अलावा पश्चिमी और पूर्वी छपरा शहर के कई मोहल्लों में भी बिजली आपूर्ति बाधित रही. करीब 4 से 8 घंटे तक बिजली गुल रहने से लगभग 25 हजार की आबादी प्रभावित हुई.
इन इलाकों के लोगों ने झेली सबसे ज्यादा परेशानी
अस्पताल के पीछे वाला रोड, नई बाजार जाने वाला रास्ता, राजेंद्र स्टेडियम के पीछे का इलाका, सर्किट हाउस के पीछे, राणा प्रताप नगर, मलखाना चौक, श्रीनंदन पथ समेत कई मोहल्लों में लोग बिजली संकट से जूझते रहे. भीषण गर्मी में पंखे और कूलर बंद होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया.
दिन में भी गायब रही बिजली, कामकाज हुआ प्रभावित
बुधवार दिन में भी कई घंटे तक बिजली बाधित रही. मलखाना चौक समेत कई इलाकों में सुबह 8 बजे से गई बिजली दोपहर 12 बजे के करीब लौटी. यही स्थिति शहर के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिली. बिजली नहीं रहने से घरों के साथ-साथ कार्यालयों में भी काम प्रभावित हुआ.
ढूंढने से भी नहीं मिल रहा फॉल्ट
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कई जगह ट्रिपिंग की समस्या सामने आई थी. फॉल्ट का पता लगाने और उसे ठीक करने के लिए कर्मियों को लगाया गया, लेकिन काफी देर तक असली वजह सामने नहीं आ सकी. अधिकारियों का कहना है कि किसी इंसुलेटर में हेयर लाइन क्रैक होने की आशंका है, जिसकी वजह से नीचे से फॉल्ट पकड़ में नहीं आ रहा था.
मानसून से पहले ही लोगों में बढ़ी चिंता
हालांकि बिजली विभाग ने स्थिति सामान्य होने का दावा किया है, लेकिन लगातार हो रही कटौती से लोगों की चिंता बढ़ गई है. लोगों का कहना है कि जब अभी यह हाल है तो मानसून के दौरान स्थिति और भयावह हो सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










