छपरा सदर अस्पताल में बन रही नई सड़क, निर्माण के दौरान मरीजों की सुविधा के लिए चलेगी इंटरकनेक्ट एंबुलेंस सेवा

फोटो, सदर अस्पताल में परिसर में शुरू हुआ सड़क निर्माण कार्य | Prabhat Khabar Network
छपरा सदर अस्पताल में सड़क निर्माण के कारण मरीजों को हो रही असुविधा को दूर करने के लिए एक नई पहल की गई है. अब इंटरकनेक्ट एंबुलेंस सेवा शुरू होगी, जिससे गंभीर मरीजों को एक विभाग से दूसरे विभाग तक आसानी से पहुंचाया जा सकेगा.
Chhapra Sadar Hospital Road Construction Interconnect Ambulance : छपरा सदर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सड़क निर्माण का कार्य तेजी से जारी है. निर्माण कार्य के दौरान मुख्य मार्ग बाधित होने से मरीजों और उनके परिजनों को हो रही परेशानी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन इंटरकनेक्ट एंबुलेंस सेवा शुरू करेगा, जिससे गंभीर मरीजों को एक विभाग से दूसरे विभाग तक सुरक्षित और तेजी से पहुंचाया जा सके.
Saran news : सड़क निर्माण से अस्थायी परेशानी, मिलेगी नई सुविधा
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मुख्य गेट से इमरजेंसी भवन तक जाने वाली जर्जर सड़क का पुनर्निर्माण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर कराया जा रहा है. फिलहाल जेसीबी से खुदाई होने के कारण मुख्य मार्ग प्रभावित है, जिससे एंबुलेंस और अन्य बड़े वाहनों की आवाजाही इमरजेंसी भवन तक नहीं हो पा रही है.
गंभीर मरीजों को मिलेगा बड़ा सहारा
निर्माण कार्य के दौरान गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर के सहारे इमरजेंसी तक ले जाना पड़ रहा है. इसके अलावा एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और अन्य जांच के लिए मरीजों को अलग-अलग विभागों तक पहुंचाने में भी कठिनाई हो रही है. ऐसे में इंटरकनेक्ट एंबुलेंस सेवा मरीजों के लिए राहत का काम करेगी और इलाज में अनावश्यक देरी नहीं होगी.
डीएम के निर्देश पर शुरू होगी सेवा
अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार निर्माण अवधि के दौरान इंटरकनेक्ट एंबुलेंस सेवा संचालित की जाएगी. इस सेवा के माध्यम से मुख्य गेट से इमरजेंसी और अस्पताल के अन्य विभागों तक मरीजों को आसानी से पहुंचाया जाएगा.
नई सड़क बनने के बाद इन विभागों तक होगी आसान पहुंच
सड़क निर्माण पूरा होने के बाद इमरजेंसी भवन, पोस्टमार्टम भवन, सिविल सर्जन कार्यालय, जिला स्वास्थ्य समिति, क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एनआरसी, रक्त जांच घर, एआरटी सेंटर, डायलिसिस यूनिट, आयुष्मान भारत कार्यालय, दवा भंडार, ब्लड बैंक, यक्ष्मा विभाग, जिला प्रतिरक्षण कार्यालय, एएनएम एवं जीएनएम स्कूल सह आवासीय परिसर सहित स्वास्थ्य विभाग के कई महत्वपूर्ण कार्यालयों तक पहुंच पहले से अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










