सारण के तरैया में नए राशन कार्ड बनाने के लिए शुरू हुआ व्यापक प्रचार अभियान, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया हुई शुरू

तरैया प्रखंड कार्यालय | Prabhat Khabar Network
saran news: सारण के तरैया प्रखंड में नए राशन कार्ड बनाने के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। बिहार सरकार ने पात्र परिवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि कोई भी खाद्य सुरक्षा योजना से वंचित न रह जाए।
Saran News: तरैया प्रखंड क्षेत्र में नए राशन कार्ड बनाने के लिए सरकार के निर्देश के आलोक में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान चलाया जा रहा है. बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के निर्देशानुसार अब पात्र परिवारों के लिए नए राशन कार्ड हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र परिवार खाद्य सुरक्षा योजना के लाभ से वंचित न रह जाए.
गांव-गांव में टोटो और टेंपो से कराया जा रहा प्रचार
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी काजल तिवारी ने बताया कि "सभी पात्र परिवार को खाद्य सुरक्षा का अधिकार, कोई भी परिवार राशन कार्ड से वंचित न रह जाए" अभियान के तहत गांव-गांव और गली-गली में टेंपो एवं टोटो के माध्यम से ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है. इसके जरिए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जा रही है.
स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर होगा ऑनलाइन आवेदन
एमओ काजल तिवारी ने बताया कि 14 जुलाई से स्मार्ट पीडीएस पोर्टल पर नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है. इच्छुक पात्र परिवार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकते हैं.
आवेदन के लिए ये दस्तावेज हैं जरूरी
नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने से पहले आवेदकों को निम्नलिखित दस्तावेज तैयार रखने होंगे—
- जाति प्रमाण-पत्र
- आवासीय प्रमाण-पत्र
- आय प्रमाण-पत्र
- परिवार का सामूहिक फोटो
- बैंक पासबुक की छायाप्रति
- आवेदक के हस्ताक्षर का नमूना
- परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड
- परिवार के किसी एक सदस्य का मोबाइल नंबर
पीडीएस दुकानदारों को भी दिए गए निर्देश
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि प्रखंड के सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानदारों को भी नए राशन कार्ड बनाने को लेकर लोगों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया है. ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार आवेदन कर सकें और सरकारी खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ प्राप्त कर सकें.
उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के पास अभी तक राशन कार्ड नहीं है, वे जल्द से जल्द आवश्यक दस्तावेज तैयार कर ऑनलाइन आवेदन करें और सरकार की खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़ें.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










