छपरा के JPU में स्नातक 2026-30 की कक्षाएं शुरू, 75% उपस्थिति वाले छात्र ही भर सकेंगे परीक्षा फॉर्म

Updated:
विज्ञापन
छात्रों को इमेल तथा व्हाट्सएप पर भेजा जा रहा वर्ग संचालन का शेड्यूल

जेपीयू का प्रशासनिक भवन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) के अंतर्गत स्नातक सत्र 2026-30 के छात्रों की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं. कॉलेज प्रशासन उपस्थिति बढ़ाने के लिए सक्रिय है और छात्रों को प्रेरित कर रहा है. परीक्षा में बैठने के लिए 75% उपस्थिति अनिवार्य होगी.

विज्ञापन

जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) के अंतर्गत स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकित छात्र-छात्राओं की कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं . पहली मेधा सूची के आधार पर नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों की कक्षाएं एक जुलाई से ही संचालित हो रही हैं . वहीं दूसरी मेधा सूची के तहत नामांकन प्रक्रिया जारी है और नामांकन कराने वाले छात्र अगले दिन से ही कक्षा में शामिल हो रहे हैं .

कम उपस्थिति को लेकर कॉलेज प्रशासन सतर्क

कई कॉलेजों में नामांकन के अनुपात में छात्रों की उपस्थिति अभी कम है . इसको देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षा में उपस्थित रहने की अपील की है . विभाग स्तर पर छात्रों की उपस्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है .

व्हाट्सएप ग्रुप से मिल रही कक्षा की जानकारी

कॉलेजों में विभाग स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रतिदिन वर्ग संचालन का रूटीन अपडेट किया जा रहा है . इसके अलावा नामांकन के समय छात्रों द्वारा दिए गए ईमेल आईडी पर भी कक्षा संचालन से जुड़ी जानकारी भेजी जा रही है .

राजेंद्र कॉलेज में विभागवार हो रही मॉनिटरिंग

शहर के राजेंद्र कॉलेज में अर्थशास्त्र, भूगोल और गणित समेत कई विभागों में छात्रों की उपस्थिति बेहतर बताई जा रही है . जिन विभागों में विद्यार्थियों की संख्या कम है, वहां लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि छात्र नियमित रूप से कक्षाओं में पहुंचें .

जयप्रकाश महिला कॉलेज में 60 फीसदी छात्राएं कर रहीं उपस्थिति

जयप्रकाश महिला कॉलेज में पहली मेधा सूची के तहत करीब 500 छात्राओं का नामांकन हुआ है . इनमें लगभग 60 फीसदी छात्राएं नियमित रूप से कक्षा में शामिल हो रही हैं . कॉलेज प्रशासन के अनुसार यहां हर सत्र में छात्राओं की उपस्थिति बेहतर रहती है .

छात्रों को फोन कर कक्षा में आने के लिए किया जा रहा प्रेरित

गंगा सिंह कॉलेज और जगदम कॉलेज में भी छात्रों की नियमित उपस्थिति को लेकर निगरानी की जा रही है . जगदम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केपी श्रीवास्तव ने बताया कि सभी विभागों में नामांकित छात्रों की सूची मोबाइल नंबर के साथ उपलब्ध है . छात्रों को फोन कर नियमित कक्षा में आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है .

सुबह 10:30 बजे से चल रही हैं कक्षाएं

सभी कॉलेजों में सुबह 10:30 बजे से कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है . स्नातक पाठ्यक्रम में चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम के तहत मेजर कोर्स, माइनर कोर्स, मल्टी डिसिप्लिनरी कोर्स, एबिलिटी एनहैंसमेंट और स्किल एनहैंसमेंट कोर्स शामिल किए गए हैं .

तीन कक्षाओं का हो रहा संचालन

कॉलेजों में प्रतिदिन तीन कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं . प्रत्येक कक्षा की अवधि अधिकतम 50 मिनट निर्धारित है . नामांकन के समय छात्रों को रोल नंबर भी उपलब्ध करा दिया गया है, जिससे शैक्षणिक प्रक्रिया सुचारु रूप से चल सके .

75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार जिन छात्र-छात्राओं की उपस्थिति 75 प्रतिशत रहेगी, वही परीक्षा फॉर्म भरने के पात्र होंगे . ऐसे में कॉलेज प्रशासन छात्रों को नियमित कक्षा में शामिल होने के लिए लगातार जागरूक कर रहा है .


विज्ञापन
Prabhat Kiran Himanshu

लेखक के बारे में

By Prabhat Kiran Himanshu

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन