सारण के बनियापुर में समूह लोन के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी, ऑफिस में ताला लगाकर फरार

Updated:
विज्ञापन

इसी मकान में चलता था,ऑफिस।अब लटका है ताला

Saran loan fraud: बनियापुर में लोन दिलाने के नाम पर सैकड़ों महिलाओं से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है. लोन कंपनी के कर्मी समूह लोन का झांसा देकर हर महिला से हजारों रुपये लेकर फरार हो गए. पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

विज्ञापन

Saran loan fraud: समूह लोन दिलाने का झांसा देकर लोन कंपनी के कर्मियों द्वारा प्रखंड के अलग-अलग गांवों की सैकड़ों महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है. ठगी की जानकारी उस समय हुई, जब महिलाएं निर्धारित तिथि पर लोन लेने के लिए बनियापुर मुख्य बाजार के समीप स्थित कन्हौली संग्राम ऑफिस पहुंचीं. वहां ऑफिस में ताला लटका मिला और लोन कंपनी के कर्मी गायब थे.

लोन दिलाने के नाम पर चार से छह हजार रुपये लिये

पीड़ित महिलाओं नूरजहां, भागमनी देवी समेत अन्य ने बताया कि लोन कंपनी के कर्मियों ने महिलाओं को समूह लोन दिलाने का भरोसा दिया था. इसके लिए लोन की राशि के अनुसार प्रत्येक महिला से चार से छह हजार रुपये तक लिये गये. महिलाओं को निर्धारित तिथि पर लोन की राशि देने की बात कही गयी थी.

महिलाएं जब तय तिथि पर लोन लेने के लिए कार्यालय पहुंचीं, तो वहां ताला लगा हुआ था. काफी देर तक महिलाएं लोन कर्मियों के आने का इंतजार करती रहीं, लेकिन कोई भी कर्मी कार्यालय नहीं पहुंचा. इसके बाद महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ.

अलग-अलग गांवों की महिलाएं हुईं शिकार

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि लोन कंपनी के कर्मियों ने अलग-अलग गांवों में जाकर महिलाओं को समूह बनाकर लोन दिलाने का भरोसा दिया था. उनकी बातों में आकर महिलाओं ने लोन के लिए निर्धारित रकम जमा कर दी.

महिलाओं के अनुसार, जब लोन देने की तारीख आयी तो कर्मी कार्यालय बंद कर फरार हो गये. इससे कई परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

थाने में दिया आवेदन, पुलिस ने शुरू की जांच

मामले को लेकर कुछ पीड़ित महिलाओं ने बनियापुर थाने में लिखित आवेदन भी दिया है. थानाध्यक्ष पिन्टू कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गयी है. पुलिस लोन कंपनी और उससे जुड़े कर्मियों के बारे में जानकारी जुटा रही है.

लोन कंपनियों की बढ़ी सक्रियता

बताया जाता है कि बनियापुर में इन दिनों अलग-अलग ब्रांच की लोन कंपनियों के कर्मियों की सक्रियता बढ़ गयी है. आरोप है कि कुछ कर्मी भोली-भाली महिलाओं को आकर्षक लोन प्लान का झांसा देकर उनसे पैसे वसूल रहे हैं.

पीड़ित महिलाओं ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगी गयी राशि वापस दिलाने की मांग की है. पुलिस जांच के बाद ही ठगी की वास्तविक राशि और पीड़ित महिलाओं की संख्या स्पष्ट हो सकेगी.

इसे भी पढ़ें:  बिहार के 1 करोड़ से ज्यादा पेंशनधारियों के लिए गुड न्यूज, सम्राट सरकार ने अकाउंट में भेजे 1100 रुपये, ऐसे चेक करें अपना पैसा


विज्ञापन
Mantu Kumar

लेखक के बारे में

By Mantu Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन