सारण: रिविलगंज जन सहयोग शिविर में पहुंचे डीएम, भूमिहीन महिलाओं के सर्वे और पर्चा वितरण का निर्देश
फोटो -निरीक्षण करते डीएम
Public Cooperation Camp: रिविलगंज में आयोजित जन सहयोग शिविर में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने आमजनों की समस्याओं को सुना. उन्होंने भूमिहीन महिलाओं के सर्वे और पर्चा वितरण का निर्देश दिया. साथ ही नाला निर्माण और जलजमाव की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए.
Public Cooperation Camp: जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने मंगलवार को रिविलगंज नगर पंचायत अंतर्गत राजकीय मध्य विद्यालय, सेंगर टोला परिसर में आयोजित जन सहयोग शिविर का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान डीएम ने शिविर में पहुंचे आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील तरीके से कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
भूमिहीन महिलाओं का सर्वे कराने का निर्देश
शिविर में मौजूद भूमिहीन महिलाओं की समस्याओं की जानकारी लेने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को पात्र महिलाओं का सर्वे कराने का निर्देश दिया. उन्होंने नियमानुसार पात्र लाभुकों को पर्चा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
डीएम ने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी की जानी चाहिए.
नाला निर्माण और जलजमाव की शिकायत
जन सहयोग शिविर में स्थानीय लोगों ने नाला निर्माण और जलजमाव से जुड़ी समस्याएं भी जिलाधिकारी के समक्ष रखीं. डीएम ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया.
उन्होंने जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने को कहा, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी से राहत मिल सके.
स्थानीय स्तर पर समस्याओं के समाधान पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि जन सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाना चाहिए. साथ ही जिन मामलों में स्थल निरीक्षण या विभागीय जांच की आवश्यकता है, उनमें अनावश्यक विलंब नहीं किया जाये.
तीसरे मंगलवार को आयोजित हुआ जन सहयोग शिविर
सरकार के निर्देश पर रिविलगंज नगर पंचायत प्रशासन की ओर से माह के तीसरे मंगलवार को जन सहयोग शिविर का आयोजन किया गया था. स्वच्छता पदाधिकारी साक्षी कुमारी के नेतृत्व में राजकीय मध्य विद्यालय, सेंगर टोला परिसर में आयोजित शिविर में वार्ड संख्या 16 से 21 तक के लोग अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे.
पेंशन से लेकर राशन कार्ड तक के आवेदन
शिविर में अलग-अलग विभागों के लिए लगाये गये काउंटर पर लोगों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, शौचालय, सड़क, शिक्षा, आवास योजना, नल-जल, साफ-सफाई, आंगनबाड़ी, विद्युत, पीएचईडी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, अतिक्रमण, राशन कार्ड और आधार कार्ड समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन दिये.
इस दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारियों और कर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी.
ये रहे मौजूद
मौके पर सीओ रवीना गुप्ता, जेई निरंजन कुमार, मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मुकेश कुमार यादव उर्फ सोनू यादव, मो. मिंटू राइन, वार्ड पार्षद अरुण यादव, अजय कुमार, मुकेश कुमार सिन्हा, सुमन कुमार, अभय कुमार, राकेश रंजन सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









