सारण की पंचायतों में सहयोग शिविर, पानापुर में मिले नौ आवेदन, 30 दिनों में निष्पादन का भरोसा
शिविर में उपस्थित पदाधिकारी एवं ग्रामीण
saran Sahyog Shivir: सारण जिले की पंचायतों में राज्य सरकार के निर्देश पर सहयोग शिविरों का आयोजन किया गया. इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर ही सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है. बिजली, स्वास्थ्य, कृषि सहित विभिन्न विभागों के काउंटर लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जा रहा है.
saran Sahyog Shivir: राज्य सरकार के निर्देश पर मंगलवार को सारण जिले की पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन लिये गये. प्रशासन का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निष्पादन करना है.
पानापुर प्रखंड के बेलौर पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का उद्घाटन ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता नीरज कुमार ने किया. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित और सुलभ तरीके से निष्पादन करना है. उन्होंने ग्रामीणों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की.
बिजली, स्वास्थ्य और कृषि समेत कई विभागों के लगे काउंटर
सहयोग शिविर में विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि, सहकारिता और राजस्व समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे. ग्रामीणों ने संबंधित विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और आवेदन भी जमा किये.
शिविर में विभागीय कर्मियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी गयी.
पहले से मिले 10 आवेदन प्रक्रियाधीन
बीडीओ आनंद पांडेय ने बताया कि सहयोग शिविर से पहले राशन कार्ड से संबंधित 10 आवेदन प्राप्त हुए थे. इन आवेदनों पर प्रक्रिया चल रही है. मंगलवार को आयोजित शिविर में अलग-अलग समस्याओं से संबंधित कुल नौ आवेदन प्राप्त हुए.
उन्होंने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने का प्रयास किया जायेगा. प्राप्त आवेदनों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन करने की बात उन्होंने कही.
पंचायत स्तर पर लोगों को मिल रही सुविधा
सहयोग शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार प्रखंड या जिला मुख्यालय जाने से राहत मिल रही है. एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मियों की मौजूदगी से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिल रहा है.
सारण में सहयोग शिविरों के लिए पहले भी पंचायतवार कार्यक्रम तय किये गये हैं और जिला प्रशासन की ओर से इनके अनुश्रवण एवं निष्पादन की निगरानी के लिए अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है.
ये रहे मौजूद
शिविर में बीडीओ आनंद पांडेय, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें:सारण के मैनपुरा में बदली सोच, अब घर नहीं स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव को प्राथमिकता दे रहीं महिलाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










