जेपीयू में स्नातक सत्र 2026-30 की खाली सीटों पर स्पॉट एडमिशन, 20 से 23 अगस्त तक करें ऑनलाइन आवेदन

विज्ञापन

नामांकन की जानकारी लेने पहुंची छात्राएं

JPU Spot Admission: जयप्रकाश विश्वविद्यालय ने स्नातक सत्र 2026-30 की खाली सीटों के लिए स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया शुरू की है. छात्र-छात्राएं 20 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसमें करीब 24 हजार सीटें अब भी रिक्त हैं. पुराने आवेदकों को कॉलेज और विषय बदलने का भी मौका मिलेगा.

विज्ञापन

JPU Spot Admission: जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत स्नातक सत्र 2026-30 में रिक्त सीटों पर नामांकन के लिए स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया अपनायी जायेगी. इसके लिए छात्र-छात्राएं 20 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. मंगलवार को कुलपति प्रो. परमेन्द्र कुमार बाजपेई की अध्यक्षता में नामांकन समिति की बैठक हुई. बैठक में पहली, दूसरी और तीसरी सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बची सीटों पर स्पॉट एडमिशन कराने का निर्णय लिया गया.

स्पॉट एडमिशन के इच्छुक छात्र-छात्राओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा. जिन विद्यार्थियों ने पहले आवेदन किया था, लेकिन उनका नाम पहली, दूसरी या तीसरी सूची में नहीं आ सका, उन्हें भी स्पॉट एडमिशन के लिए आवेदन करना होगा. हालांकि, ऐसे विद्यार्थियों से दोबारा आवेदन शुल्क नहीं लिया जायेगा. आवेदन शुल्क केवल पहली बार आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को देना होगा.

स्पॉट एडमिशन के लिए नये सिरे से होने वाले आवेदन और नामांकन से संबंधित गाइडलाइन विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जारी कर दी गयी है.

करीब 24 हजार सीटें अब भी रिक्त

छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष प्रो. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि पहली, दूसरी और तीसरी सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी विभिन्न विषयों में करीब 24 हजार सीटें रिक्त हैं. कॉलेजवार रिक्त सीटों की संख्या बुधवार को विश्वविद्यालय के पोर्टल पर अपलोड कर दी जायेगी. इसके बाद छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन आवेदन का पोर्टल खोल दिया जायेगा.

उन्होंने बताया कि स्नातक में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है. यह शुल्क केवल नये आवेदकों को देना होगा.

पुराने आवेदकों को कॉलेज और विषय बदलने का मौका

पहले आवेदन कर चुके वैसे छात्र-छात्राएं, जिनका नाम पहली, दूसरी और तीसरी सूची में नहीं आ सका है, उन्हें स्पॉट एडमिशन के लिए दोबारा आवेदन करते समय कॉलेज और विषय बदलने का विकल्प भी दिया जायेगा.

विश्वविद्यालय की ओर से ऐसे विद्यार्थियों को पुराने लॉगिन आइडी के माध्यम से आवेदन करने की सुविधा दी जायेगी. विद्यार्थी अपनी पसंद के अनुसार विषय में बदलाव के लिए आवेदन कर सकेंगे.

पुराने आवेदकों से नहीं लिया जायेगा शुल्क

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि पहले आवेदन कर चुके और तीनों नामांकन सूचियों में जगह नहीं बना पाने वाले विद्यार्थियों से स्पॉट एडमिशन के लिए दोबारा आवेदन शुल्क नहीं लिया जायेगा. वहीं, पहली बार स्नातक नामांकन के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा.

20 से 23 अगस्त तक आवेदन का मौका

स्पॉट एडमिशन के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू होगी और 23 अगस्त तक चलेगी. विद्यार्थियों को आवेदन करने से पहले विश्वविद्यालय पोर्टल पर कॉलेजवार और विषयवार रिक्त सीटों की जानकारी देख लेने की सलाह दी गयी है. इसके आधार पर वे उपलब्ध सीटों के अनुसार कॉलेज और विषय का विकल्प चुन सकेंगे.

इसे भी पढ़ें:सारण के मैनपुरा में बदली सोच, अब घर नहीं स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव को प्राथमिकता दे रहीं महिलाएं


विज्ञापन
प्रभात किरण हिमांशु

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन