स्वतंत्रता दिवस को लेकर सारण पुलिस अलर्ट, चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच
सारण पुलिस स्वतंत्रता दिवस को लेकर पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है. एसएसपी विनीत कुमार के निर्देशानुसार, जिले के सभी चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. सुरक्षा को लेकर पुलिस 24 घंटे शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पैनी नजर रख रही है.
Independence Day: स्वतंत्रता दिवस को लेकर सारण पुलिस अलर्ट मोड में है. एसएसपी विनीत कुमार के निर्देश पर जिले के सभी चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस को सुरक्षा को लेकर विशेष गाइडलाइन जारी की गयी है.
एसएसपी ने बताया कि पुलिस 24 घंटे शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक की गतिविधियों पर नजर रख रही है. खासकर रात के समय एटीएम, बैंक, सोनार पट्टी और बाजारों में विशेष निगरानी की जा रही है. रात में संदिग्ध स्थिति में घूमने वाले लोगों से पूछताछ की जा रही है.
शहर की सभी व्यावसायिक मंडियों में रात के समय विशेष गश्ती करायी जा रही है. मोबाइल पुलिस को भी अलर्ट मोड में रखा गया है. सभी एनएच और एसएच पर रात्रि गश्ती की जा रही है.
शहर में पांच से अधिक जगहों पर चेकपोस्ट
छपरा शहर के स्वर्ण बाजार और प्रमुख बाजारों के आसपास शाम से ही चेकपोस्ट बनाकर वाहनों की तलाशी ली जा रही है. शहर में पांच से अधिक स्थानों पर चेकपोस्ट बनाये गये हैं, जहां सघन वाहन जांच अभियान चल रहा है.
रात के समय छपरा जंक्शन के बाहरी परिसर में भी पुलिस अलर्ट मोड में है. छपरा बस स्टैंड और विभिन्न यात्री पड़ावों पर भी रात में विशेष चौकसी बरती जा रही है.
सीमावर्ती थानों को किया गया अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है. एसएसपी के निर्देश पर सभी सीमावर्ती थानों के प्रवेश मार्गों पर चेकपोस्ट बनाकर छोटे-बड़े वाहनों की तलाशी ली जा रही है.
एसएसपी ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की टीमें विशेष वाहन जांच अभियान चला रही हैं. खासकर दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है. वाहनों के कागजात की भी जांच की जा रही है.
मांझी में जयप्रभा सेतु की दोनों अप्रोच पर भी चेकपोस्ट बनाकर यूपी की ओर से आने वाली गाड़ियों और सारण से यूपी जाने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है. कई स्थानों पर स्कैनर भी लगाया गया है.
छपरा जंक्शन पर डॉग स्क्वायड के साथ जांच
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर छपरा जंक्शन को भी अलर्ट पर रखा गया है. प्लेटफॉर्म, ऊपरगामी पुल, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्सल कार्यालय, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, यात्री प्रतीक्षालय और वाहन स्टैंड समेत विभिन्न स्थानों पर डॉग स्क्वायड की टीम के साथ जांच की जा रही है.
छपरा जंक्शन से होकर गुजरने वाली मौर्या एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति, वैशाली सुपरफास्ट, स्वतंत्रता सेनानी समेत अन्य ट्रेनों में भी जनरल और स्लीपर कोच की जांच की जा रही है. मंगलवार को पार्सल कार्यालय में बुक किये गये सामान की भी जांच की गयी.
माइकिंग के माध्यम से यात्रियों को भी जागरूक किया जा रहा है. पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि कोच या प्लेटफॉर्म पर कोई संदिग्ध वस्तु या लावारिस सामान दिखाई दे, तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











