सारण के खैरा बाजार में ज्वेलरी दुकान से लाखों के जेवर चोरी, शटर तोड़कर घुसे चोर

खैरा में ज्वेलरी दुकान में चोरी के बाद जांच करती पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम
नगरा के खैरा बाजार में ज्वेलरी दुकान से चोरों ने दो किलो चांदी, 52 ग्राम सोने के आभूषण और 5 हजार रुपये नकद चोरी कर लिये. पुलिस जांच में जुटी है.
Saran News: खैरा थाना क्षेत्र के खैरा बाजार के समीप मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली. घटना की जानकारी बुधवार की सुबह हुई, जब स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर एक ओर से टेढ़ा और उठा हुआ देखा. सूचना मिलते ही खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अफौर गांव निवासी सुग्रीब प्रसाद की न्यू अंजलि अलंकार ज्वेलर्स में चोरों ने पहले दुकान का ताला खोलने का प्रयास किया. ताला नहीं खुलने पर प्रेशर जैक की मदद से शटर को टेढ़ा कर चोर दुकान के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद दुकान में रखे गोदरेज का लॉक तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी चोरी कर ली.
दो किलो चांदी और 52 ग्राम सोने के आभूषण चोरी
खैरा थाना में दिये आवेदन के अनुसार, चोर करीब दो किलो नये और पुराने चांदी के जेवर, 42 ग्राम नये और पुराने सोने के आभूषण, रिपेयरिंग के लिए रखा 10 ग्राम सोना और गल्ले में रखे 5 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गये. चोरी गये सामान की कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है.
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाये साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये और आसपास के क्षेत्र में गहन जांच-पड़ताल की.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. पुलिस ने घटना के हर पहलू की जांच शुरू कर दी है.
जल्द होगा घटना का खुलासा : थानाध्यक्ष
खैरा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है. पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. उन्होंने क्षेत्र के सभी दुकानदारों से अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की. उन्होंने कहा कि दुकानों की सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे बेहद जरूरी हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











