ePaper

saran news : पंखे भी दे रहे गर्म हवा, कूलर से भी राहत नहीं

Updated at : 10 Jun 2025 9:01 PM (IST)
विज्ञापन
saran news : पंखे भी दे रहे गर्म हवा, कूलर से भी राहत नहीं

saran news : धूप व उमस के कारण जीना हुआ मुहाल, 40 डिग्री पर पहुंचा पारा, कड़ी धूप में हीट स्ट्रोक का खतरा, घरों से नहीं निकल रहे लोग, सड़कों पर दिन में कम हुई आवाजाही, कारोबार में भी आयी गिरावट

विज्ञापन

छपरा. मंगलवार को सुबह छह बजे ही धूप निकल गयी. सुबह सात बजे ही तापमान 37 डिग्री हो गया. जबकि दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. गर्मी व चिलचिलाती धूप में बीमार होने का खतरा भी बढ़ गया है.

लोग गर्मी से राहत पाने के हर इंतजाम कर रहे हैं. लेकिन कोई भी इंतजाम पर्याप्त साबित नहीं हो रहा है. घरों में लगे पंखे गर्म हवा दे रहे हैं. कूलर भी अब ठीक ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं. कड़ी धूप होने के कारण छत पर रखे टंकी का पानी गर्म हो जा रहा है. जिस कारण सुबह नौ बजे के बाद लोगों को दिनचर्या से जुड़े कार्यों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है. वहीं गृहणियों को भी कड़ी धूप के कारण घरेलू कामकाज को निबटाने में मुश्किल हो रही है. स्कूलों में गर्मी की छुट्टी है. इस कारण बच्चे इस समय दिन में घर में रह रहे है. लेकिन सुबह से ही कड़ी धूप निकल जाने के कारण घर के बाहर निकलकर खेलकूद कर पाना भी संभव नहीं हो पा रहा है.

हीट स्ट्रोक के चपेट में आ रहे लोग

कड़ी धूप के कारण घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है. बहुत आवश्यक होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं. तेज धूप की चपेट में आकर लोग बीमार भी हो रहे हैं. सदर अस्पताल समेत शहर के विभिन्न निजी क्लीनिक में भी गर्मी व धूप की चपेट में आकर बीमार पड़े मरीजों की भीड़ देखी जा रही है. मंगलवार को सदर अस्पताल के ओपीडी व इमरजेंसी वार्ड में शाम चार बजे तक मरीजों की संख्या देखी गयी. अधिकतर मरीज डिहाइड्रेशन, उल्टी व दस्त से पीड़ित होकर इलाज के लिए पहुंचे थे.

खाली पेट न रहें, फलों का करें सेवन

चिकित्सक डॉ राजेश रंजन बताते हैं कि किसी भी मौसम में घर से खाली पेट नहीं निकलना चाहिये. लेकिन गर्मी में तो ऐसा बिल्कुल ना करें. जब भी घर से निकले तो गर्मी के अनुसार खाना खायें. साथ में पानी की बोतल ले जाना भी नहीं भूलें. गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी न हो इसलिए तरबूज, ककड़ी, खीरा खाना चाहिए. साथ ही ऐसे फल पर ज्यादा ध्यान दें, जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है. टमाटर की चटनी, नारियल और पेठा खाने से भी शरीर ठंडा रहता है. वहीं जौ खाना भी स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है. इस मौसम में अत्यधिक घी व तेल मसालों से परहेज करना चाहिए.

बाजारों में नहीं हो रहा कारोबार

गर्मी व धूप के कारण शहर के सभी प्रमुख बाजारों में कारोबार भी प्रभावित हुआ है. कड़ी धूप के कारण अधिकतर ग्राहक सुबह नौ बजे के पहले ही जरूरी सामानों की खरीदारी कर ले रहे हैं. वहीं शाम छह बजे के बाद धूप कम होते ही फल, सब्जी व किराना के जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए लोग निकल रहे हैं. शहर के हथुआ मार्केट, साहेबगंज, मौना चौक, सलेमपुर व सोनारपट्टी में भी ग्राहकों की संख्या में कमी आयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SHAILESH KUMAR

लेखक के बारे में

By SHAILESH KUMAR

SHAILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन