पहली सोमवारी पर शिवमय होगा सारण, प्रमुख मंदिरों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

विज्ञापन
फोटो - नैनी द्वारिकाधीश मंदिर फोटो - हरिहर नाथ मंदिर का गर्भगृह   | Prabhat Khabar Network

नैनी द्वारिकाधीश मंदिर

Saran Sawan First Somwar : सावन की पहली सोमवारी पर छपरा के प्रमुख मंदिरों में जलाभिषेक की तैयारी पूरी. सुरक्षा के कड़े इंतजाम और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.

विज्ञापन

Saran Sawan First Somwar : श्रावण मास की पहली सोमवारी को लेकर पूरे सारण जिले में भक्ति और उत्साह का माहौल है. सोमवार को जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है. सोनपुर के हरिहरनाथ मंदिर, मढ़ौरा के शिल्हौड़ी मंदिर, लहलादपुर के ढोंढ़नाथ मंदिर, दहियावां के उमानाथ मंदिर, धर्मनाथ मंदिर, नैनी के द्वारिकाधीश मंदिर समेत जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जिला प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर विशेष व्यवस्था की है.

प्रमुख मंदिरों में विशेष तैयारी, सुबह से होगा जलाभिषेक

जिले के सभी प्रमुख मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. श्रद्धालुओं के लिए बैरिकेडिंग, पेयजल, सफाई और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. कई मंदिरों में सुबह चार बजे से ही जलाभिषेक शुरू होगा. मंदिर प्रबंधन समितियों के साथ प्रशासन ने स्वयंसेवकों और पुलिस बल की तैनाती की है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो.

उमानाथ मंदिर का पौराणिक महत्व आज भी कायम

छपरा शहर के दहियावां स्थित ऐतिहासिक उमानाथ मंदिर का उल्लेख पौराणिक कथाओं में मिलता है. मान्यता है कि महर्षि दधीचि ने इसी स्थान पर देहदान किया था. मंदिर परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित है और यहां करीब दो हजार वर्ष पुराना पेड़ भी मौजूद है, जिसके नीचे उन्होंने तपस्या की थी. सावन में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं.

नैनी का द्वारिकाधीश मंदिर बना आकर्षण का केंद्र

छपरा शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर नैनी गांव में स्थित भव्य द्वारिकाधीश मंदिर श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण बना हुआ है. संगमरमर से निर्मित इस मंदिर में भगवान कृष्ण के साथ भगवान शिव, मां दुर्गा, गणेश और बजरंगबली की प्रतिमाएं स्थापित हैं. सावन में यहां भी दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है.

ढोंढ़नाथ मंदिर में दूसरे राज्यों से भी पहुंचते हैं शिवभक्त

लहलादपुर के जनता बाजार स्थित बाबा ढोंढ़नाथ मंदिर में नेपाल, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों से श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. कांवरिया सेवा समितियों की ओर से भोजन, नाश्ता, दवा और ठहरने की व्यवस्था की गई है. श्रद्धालु रिविलगंज के सेमरिया घाट से सरयू नदी का पवित्र जल लेकर करीब 35 किलोमीटर की यात्रा कर बाबा का जलाभिषेक करते हैं.

हरिहरनाथ मंदिर में होगा विशेष श्रृंगार

सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध हरिहरनाथ मंदिर में पहली सोमवारी पर विशेष पूजा और श्रृंगार होगा. गंगा घाट से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सावन में लाखों श्रद्धालु यहां जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. यह मंदिर शिव और विष्णु की एकीकृत प्रतिमा के कारण विशेष धार्मिक महत्व रखता है.

शिल्हौड़ी मंदिर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद

मढ़ौरा के शिल्हौड़ी स्थित शिलानाथ मंदिर में पहली सोमवारी पर करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और करीब 200 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है. जलाभिषेक सुबह तीन बजे से शुरू होगा.

सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, पुलिस और स्वयंसेवक रहेंगे तैनात

पहली सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. प्रमुख मंदिरों में पुलिस बल, दंडाधिकारी, स्काउट-गाइड कैडेट और स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है. चेन स्नैचिंग, चोरी और भीड़ प्रबंधन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.

श्रद्धालु इन सावधानियों का रखें ध्यान

  • मंदिर में कतारबद्ध होकर प्रवेश करें.
  • धक्का-मुक्की से बचें.
  • छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें.
  • मोबाइल और कीमती सामान सुरक्षित रखें.
  • स्वयंसेवकों और पुलिस के निर्देशों का पालन करें.
  • भीड़ के बीच सेल्फी लेने से बचें.

सावन में सजते हैं जिले के प्रमुख शिवालय

पहली सोमवारी पर हरिहरनाथ मंदिर, शिल्हौड़ी शिव मंदिर, बाबा ढोंढ़नाथ मंदिर, आमी मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, धर्मनाथ मंदिर, उमानाथ मंदिर, शिव शक्ति मंदिर प्रभुनाथ नगर और एकसारी शिव मंदिर समेत जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना होगी. कई स्थानों पर मेले, रुद्राभिषेक, अखंड कीर्तन और भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा.

Also Read : सारण : घर लौट रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, मौके पर गई जान


विज्ञापन
प्रभात किरण हिमांशु

लेखक के बारे में

By प्रभात किरण हिमांशु

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन