ऑप्शन ट्रेडिंग का बदसूरत सच, पैसा कमाने की चाह में बिखरते सपने

Updated:
विज्ञापन
ऑप्शन ट्रेडिंग का बदसूरत सच, पैसा कमाने की चाह में बिखरते सपने

93% ट्रेडर ऑप्शन ट्रेडिंग में हारते हैं. जानें क्यों और कैसे इस जाल से बचें. रातोंरात अमीर बनने के सपने के पीछे की कड़वी सच्चाई.

विज्ञापन

लेखक - शिवपूजन सिंह 

आजकल शेयर बाजार में ऑप्शन ट्रेडिंग पर काफी हल्ला और हलचल है. रातों-रात अमीर बनने के सपने और बाजार खुलने के बाद पैसे कमाने की जद्दोजहद आज के ज्यादातर युवा करते दिखाई पड़ रहे हैं. हकीकत यह है कि यहां पैसा तो कुछ ही कमा पाते हैं, जबकि गंवाने वालों की तादाद बेशुमार है.

ट्रेडिंग की लत और यह कहें नशा है जिसके चलते लोग अपनी जमा पूंजी बर्बाद कर रहे हैं. खासकर सोशल मीडिया पर ऑप्शन ट्रेडिंग को जल्दी अमीर बनने का सबसे आसान तरीका बताकर पेश किया जाता है. कुछ लोग लाखों के मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाते हैं, महंगी गाड़ियां और आलीशान जिंदगी दिखाकर लोगों को लुभाते हैं. लेकिन इन चमकदार तस्वीरों और रील्स के पीछे एक खोखली सच्चाई और दर्द बेइंतहा है. जहां पैसे कमाने की चाह में बर्बादी की ऐसी दास्तां छुपी होती है, जहां कई लुट गए और आज भी सनक में लुटने की दहलीज पर खड़े हैं.

क्या होती है ऑप्शन ट्रेडिंग?

ऑप्शन ट्रेडिंग शेयर बाजार में एक प्रकार का डेरिवेटिव ट्रेड है, जिसमें आप किसी शेयर या इंडेक्स जैसे Nifty, Bank Nifty या Sensex को सीधे खरीदते नहीं हैं, बल्कि उसके भविष्य के भाव पर दांव लगाते हैं. इसमें चढ़ने पर Call और गिरने पर Put पर दांव लगाया जाता है, जिसमें एक टाइम वैल्यू होती है.

सरल तरीके से समझें:

मान लीजिए NIFTY-50 इंडेक्स 20,000 पर है. आपको लगता है कि अगले कुछ दिनों में यह ऊपर जाएगा. तब आप Call Option मान लीजिये 100 रुपये के स्ट्राइक प्राइस पर खरीदते हैं. यदि निफ्टी आपकी उम्मीद के मुताबिक ऊपर जाता है और Call का Price 150 रुपये हो जाता है, तो फिर आपको 50 रुपये का फायदा होता है. वहीं अगर आपको लगता है कि निफ्टी 20,000 के नीचे जाएगा और Put Option लेते हैं जिसका स्ट्राइक Price 100 रुपये है, तो आपके मुताबिक निफ्टी में गिरावट हुई तो आपके Put ऑप्शन की कीमत बढ़ जाती है, यानी 100 रुपये से ज्यादा हो जाती है. अगर आपकी उम्मीद के विपरीत गया तो नुकसान होता है. वहीं इसकी एक टाइम वैल्यू होती है, जो एक हफ्ते और एक महीने तक की होती है. एक नियत समय पर ही सब सेटलमेंट हो जाता है. समय नजदीक आने पर ऑप्शन के स्ट्राइक प्राइस कम होते जाते हैं यानी तेजी से घटते हैं और जीरो भी हो सकते हैं.

ऑप्शन ट्रेड में Call और Put खरीदने के साथ ही ऑप्शन सेलिंग का भी विकल्प होता है, जिसमें बड़ा पैसा लगाना होता है. इसमें मुनाफा तो सीमित होता है, जबकि नुकसान असीमित हो सकता है.

ऑप्शन ट्रेडिंग पर सेबी की रिपोर्ट 

इस ट्रेडिंग को लेकर सेबी भी काफी सजग है और समय-समय पर हिदायतें भी देती रहती है. सेबी की वित्तीय वर्ष 2022-2024 के तीन सालों की रिपोर्ट के मुताबिक केवल 7% ट्रेडर्स ही ऑप्शन ट्रेडिंग से पैसा कमा सके, जबकि 93% लोगों ने नुकसान ही उठाया. इससे समझा जा सकता है कि ऑप्शन ट्रेडिंग में कितना जोखिम है, जहां मुनाफा चंद लोग कमाते हैं और गंवाने वालों की संख्या अनगिनत है.

कौन ऑप्शन ट्रेडिंग में सफल होते है?

यह सच है कि ऑप्शन ट्रेडिंग काफी जोखिम भरी होती है, लेकिन जो लोग इसमें पैसा बनाते हैं, उनकी सफलता के पीछे बाजार की समझ, अनुशासन और मजबूत जोखिम प्रबंधन रहता है. वे बार-बार ट्रेड नहीं करते. नुकसान होने पर उस दिन ट्रेड नहीं करते हैं. सबसे जरूरी चीज है अपने रिस्क को मैनेज करना. वे बाजार से लड़ते नहीं बल्कि उसके बहाव के साथ चलते हैं.

ऑप्शन ट्रेडिंग पर सलाह 

इस सेगमेंट में ट्रेडिंग करने से पहले नए लोगों को इसकी बारीकियों और इसकी प्रकृति को समझना जरूरी है. इसके साथ ही बाजार की समझ को विकसित कर आत्मसात करना होगा. इसकी ट्रेडिंग में अनुशासन और जोखिम प्रबंधन बेहद जरूरी है. सबसे जरूरी चीज अपनी पूंजी को सुरक्षित रखना है; इस पर ध्यान देना भी महत्वपूर्ण है.

ऐसा नहीं है कि इसमें लोग पैसा नहीं कमाते हैं, लेकिन जो भी कामयाब हैं उनका अपना एक ट्रेडिंग नियम और अनुशासन है. इसे मानकर ही वे इसमें ट्रेड के लिए उतरते हैं.

नए लोगों को सोशल मीडिया पर सफलता की चमकदार कहानियों से बचना चाहिए और किसी भी तरह के टिप्स या बेवजह की सलाह से दूर रहना चाहिए. ऑप्शन ट्रेडिंग को अपने नजरिये से आंकना चाहिए कि यह उनके लिए मुफीद है या नहीं, क्योंकि कड़वी सच्चाई यही है कि यहां कमाना मुश्किल है और गंवाना आसान है.


विज्ञापन
सौम्या शाहदेव

लेखक के बारे में

By सौम्या शाहदेव

सौम्या शाहदेव प्रभात खबर डिजिटल में बिजनेस कंटेंट राइटर हैं. वह शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, टैक्स, सरकारी योजनाओं, बैंकिंग और रोजमर्रा की आर्थिक खबरों को सरल और सटीक भाषा में पाठकों तक पहुंचाती हैं. उनका फोकस ऐसी खबरें लिखने पर रहता है जो सीधे आम लोगों की जिंदगी और जेब पर असर डालती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola