Saran News : अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से बच्चे की मौत, आक्रोशित लोगों ने जाम की सड़क

Saran News : शनिवार सुबह तरैया-मशरक एसएच 73 मुख्य सड़क पर छपिया बिनटोली के समीप एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी.
तरैया . शनिवार सुबह तरैया-मशरक एसएच 73 मुख्य सड़क पर छपिया बिनटोली के समीप एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. मृतक की पहचान छपिया बिनटोली गांव निवासी रमेश कुमार उर्फ भजु राउत के पुत्र संदीप कुमार पांच वर्ष के रूप में हुई है.
स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. हादसे में गंभीर रूप से घायल संदीप को परिजन तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद छपरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.शव के साथ सड़क पर उतरे परिजन
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजन शव को लेकर मुख्य सड़क पर पहुंच गये और बांस-बल्लों व लकड़ी से सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित लोग मृतक के परिवार को मुआवजा देने और दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही तरैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में पानापुर के थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार, इसुआपुर व मसरख थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंची. अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के लगातार प्रयासों के बाद लगभग पांच घंटे बाद जाकर जाम हटाया जा सका. इस दौरान तरैया-मसरख मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी थी. कई यात्री वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे. इस दौरान पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह भी जाम में फंसे रहे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और आर्थिक सहयोग भी किया. प्रशासन द्वारा मृतक के परिवार को 20 हजार रुपये की सहायता राशि परिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत इसुआपुर बीडीओ के माध्यम से दी गयी. चेक सीओ, मुखिया प्रतिनिधि और पैक्स अध्यक्ष मुन्ना यादव के हाथों परिजनों को सौंपा गया. वहीं, पुलिस द्वारा तत्काल रामबाग से थाना चेक पोस्ट का बोर्ड मंगवाकर घटनास्थल पर लगाया गया ताकि स्पीड ब्रेकर की स्थायी व्यवस्था के लिए कदम उठाया जा सके.मां और बहन का रो-रो कर बुरा हाल
मृतक के पिता रमेश राउत दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घटना की सूचना पर गांव में मातम पसर गया. संदीप की मां सुमन देवी अपने बेटे के शव से लिपटकर बार-बार बेहोश हो रही थीं. उसकी 10 वर्षीय बहन निधि भी शव से लिपटकर बिलखती रही. वहीं पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना को लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




