सारण : बिहार बंद के दौरान छात्रों ने फाड़े बैनर-पोस्टर, पुलिस से तीखी नोकझोंक, बैरिकेडिंग लेकर भागे छात्र

नगरपालिका चौक पर जुटे प्रदर्शनकारी
छपरा में पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद का व्यापक असर देखा गया। सैकड़ों छात्रों ने सड़कों पर उतरकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की और प्रदर्शन किया।
Saran Bihar Band : पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुलाए गए बिहार बंद का व्यापक असर सारण जिले के छपरा शहर में देखने को मिला. शनिवार सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी करने लगे.
आजाद समाज पार्टी के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
इस आंदोलन का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष शेख नौशाद कर रहे थे. आंदोलन में कई अन्य छात्र संगठनों का भी पूरा समर्थन मिला. छात्रों ने जिला स्कूल के पास स्थित अंबेडकर भवन ट्रस्ट पर इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया और बाद में शहर के थाना चौक व नगर पालिका चौक की ओर बढ़ गए.
पुलिस से तीखी नोकझोंक और पोस्टर फाड़े
प्रदर्शन के दौरान समाहरणालय रोड पर उग्र छात्रों ने सरकारी बैनर और पोस्टर फाड़ दिए. थाना चौक पर छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली. हालांकि उग्र भीड़ के बावजूद छात्रों ने रास्ते से गुजर रहे आम नागरिकों को परेशान नहीं किया.
बैरिकेडिंग लेकर भागे छात्र
छपरा में प्रदर्शन के दौरान छात्र बैरिकेडिंग को लेकर भागते नजर आए. बैरिकेडिंग छात्रों को रोकने के लिए लगाई गई थी, जिसे लेकर छात्र भागते नजर आएं.
नगर पालिका चौक पर हजारों छात्रों का जमावड़ा
शहर के नगर पालिका चौक पर हजारों छात्र एकत्र हो गए और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करने लगे. छात्रों ने डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा स्थल पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सदर एसडीपीओ समेत कई वरीय पुलिस अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
सुबह से ही मुस्तैद रहा पुलिस प्रशासन
बंद को देखते हुए डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार ने एक दिन पूर्व ही शहर में फ्लैग मार्च निकाला था. शनिवार सुबह सात बजे से ही विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मी पूरी तरह अलर्ट नजर आए. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सदर अस्पताल में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए.
यातायात प्रभावित और वर्तमान स्थिति
छात्रों के भारी जमावड़े के कारण समाहरणालय रोड, नगर पालिका चौक, थाना चौक, साहेबगंज रोड और अस्पताल रोड पर घंटों आवागमन प्रभावित हो रहा है. वर्तमान में पुलिस बल की चौकसी के चलते शहर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. प्रशासन शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










