सारण में 43 जीविका समितियों की बैठक, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर; अधिकारियों ने दिया खास निर्देश
छपरा में जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समितियों को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
Saran News : सारण जिले के जीविका कार्यालय में 43 निबंधित जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियों की संवर्धन समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में समितियों को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के साथ महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया. इस दौरान जिले की सभी 43 समितियों की अध्यक्ष भी मौजूद रहीं.
समितियों को आत्मनिर्भर बनाना मुख्य लक्ष्य
जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समितियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना विभाग का मुख्य लक्ष्य है. उन्होंने सभी दीदियों से नियमों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से समितियों का संचालन करने, नियमित बैठक आयोजित करने और आपसी समन्वय को मजबूत करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सहकारिता विभाग हर स्तर पर समितियों को आवश्यक सहयोग देगा.
व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर
जिला परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ही जीविका की सबसे बड़ी ताकत है. समितियों को व्यवसायिक दृष्टिकोण से मजबूत बनाने के लिए आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा. साथ ही दीदियों के क्षमता विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जायेगा, ताकि प्रत्येक समिति को एक सफल मॉडल के रूप में विकसित किया जा सके.
43 समितियों की अध्यक्षों ने लिया संकल्प
बैठक में जिले की सभी 43 समितियों की अध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. अधिकारियों की ओर से दिये गये मार्गदर्शन और सुझावों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प लिया गया. बैठक का उद्देश्य समितियों के कामकाज को बेहतर बनाने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त करना रहा.
कई अधिकारी और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी मनोज कुमार चौधरी, जिला परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार, प्रबंधक आइबीसीबी मुकेश कुमार, प्रबंधक सामुदायिक वित्त विजय लक्ष्मी, प्रबंधक वित्त पप्पू कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी प्रभाकर कुमार वर्मा एवं माया यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए