सारण में मुंबई क्राइम ब्रांच की दबिश, दो सगे भाई गिरफ्तार; चेकबुक पर फर्जी हस्ताक्षर कर 2 करोड़ के गबन का आरोप
पानापुर में मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
सारण के पानापुर में मुंबई क्राइम ब्रांच ने छापेमारी कर दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया. दोनों पर मुंबई में मालिक को धोखे में रखकर चेकबुक पर फर्जी हस्ताक्षर के जरिए करीब 2 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है.
Mumbai Crime Branch Panapur : महाराष्ट्र के मुंबई से पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से मंगलवार की अहले सुबह पानापुर थाना क्षेत्र के कोंध गांव में छापेमारी कर धोखाधड़ी और गबन के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार दोनों की पहचान कोंध गांव निवासी संजय सिंह के पुत्र अमन कुमार सिंह और अमित कुमार के रूप में हुई है. गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम दोनों आरोपितों को अपने साथ मुंबई ले गयी.
अहले सुबह गांव में पहुंची मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम
पुलिस के अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम को दोनों आरोपितों के कोंध गांव में होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद स्थानीय पानापुर पुलिस के सहयोग से मंगलवार की सुबह छापेमारी की गयी. कार्रवाई के दौरान दोनों भाइयों को उनके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया.
करीब दो करोड़ रुपये के गबन का आरोप
थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम से मिली जानकारी के आधार पर बताया कि दोनों भाई मुंबई में काम करते थे. आरोप है कि वहां उन्होंने मालिक को धोखे में रखकर चेकबुक पर फर्जी हस्ताक्षर किए और करीब दो करोड़ रुपये का गबन किया. मामले की जांच मुंबई पुलिस की ओर से की जा रही है.
नेरुल थाने में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पीड़ित ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई जिले के नेरुल थाने में धोखाधड़ी और गबन की प्राथमिकी दर्ज करायी थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम आरोपितों की तलाश में जुटी थी. इसी क्रम में उनके पानापुर स्थित गांव में होने की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तारी की गयी.
गिरफ्तारी के बाद दोनों को लेकर मुंबई रवाना हुई टीम
दोनों सगे भाइयों की गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम उन्हें अपने साथ लेकर मुंबई चली गयी. अब वहां पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी और मामले से जुड़े आरोपों की जांच की जाएगी.
Also Read : सारण में बाढ़ का असर घटने लगा, सरयू के जलस्तर में 23 सेंटीमीटर की कमी; ढाई लाख लोग अब भी प्रभावित
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए