सारण: मढ़ौरा में सेना के जवान ने थानाध्यक्ष पर लगाया रिश्वत मांगने का आरोप, डीजीपी से की शिकायत

सारण जिले में सेना के एक जवान ने गौरा थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. जवान का दावा है कि पिता पर हमले की FIR में उचित धाराएं लगाने के लिए रिश्वत मांगी गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि थानाध्यक्ष ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है.
Saran News: सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड के गौरा थाना क्षेत्र में सेना के एक जवान ने थानाध्यक्ष पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले को लेकर जवान ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है.
गौरा थाना क्षेत्र के तेनुआ गांव निवासी और सेना में नायक के पद पर कार्यरत रवि रंजन का आरोप है कि उनके पिता कामेश्वर पांडेय पर हुए जानलेवा हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के दौरान पुलिस ने उचित धाराएं नहीं लगाईं.
पिता पर हमला और लूटपाट का लगाया आरोप
जवान रवि रंजन के अनुसार, 26 जुलाई को गांव के कुछ लोगों ने उनके पिता कामेश्वर पांडेय पर धारदार हथियारों से हमला किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान घर में लूटपाट भी की गई.
रवि रंजन का कहना है कि उन्होंने मामले में गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन थानाध्यक्ष ने प्राथमिकी में धाराएं जोड़ने के बदले 25 हजार रुपये की मांग की.
पैसे नहीं देने पर धाराएं हटाने का आरोप
पीड़ित जवान ने आरोप लगाया कि रिश्वत की मांग पूरी नहीं करने पर पुलिस ने प्राथमिकी से धारा 109 हटा दी और डकैती से संबंधित धाराएं भी नहीं जोड़ीं.
उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
थानाध्यक्ष ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं गौरा थानाध्यक्ष महताब अंसारी ने जवान के सभी आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं. उनका कहना है कि व्यक्तिगत लाभ पूरा नहीं होने के कारण उनके खिलाफ इस तरह के आरोप लगाए गए हैं.
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से जांच की जा रही है.
Also Read: बिहार में NEET प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज FIR रद्द, पुलिस वेरिफिकेशन की टेंशन खत्म
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










