जेपी विश्वविद्यालय में स्नातक नामांकन की तीसरी मेधा सूची में देरी, तकनीकी कारणों से छात्र परेशान

Updated:
विज्ञापन
फोटो, जेपीयू का प्रशासनिक भवन  | Prabhat Khabar Network

जेपीयू का प्रशासनिक भवन

जेपी यूनिवर्सिटी में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए तीसरी मेधा सूची जारी होने में तकनीकी कारणों से देरी हो रही है. छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने जल्द ही सूची जारी करने का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

JP University News: स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन के लिए जारी होने वाली तीसरी मेधा सूची अब तक जारी नहीं हो सकी है. छात्र कल्याण विभाग की ओर से पहले 26 जुलाई को तीसरी मेधा सूची जारी करने और 27 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया शुरू करने को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया गया था.

लेकिन समर्थ पोर्टल पर तकनीकी समस्या के कारण अब तक तीसरी मेधा सूची जारी नहीं हो पाई है. इसके कारण छात्र-छात्राओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

तकनीकी कारणों से हुई देरी, जल्द जारी होगी सूची

इस मामले में छात्र कल्याण विभाग के अध्यक्ष डॉ. राणा विक्रम सिंह ने मंगलवार को नया नोटिफिकेशन जारी कर स्थिति स्पष्ट की.

उन्होंने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से तीसरी मेधा सूची जारी करने में देरी हुई है. पहले 26 जुलाई को सूची जारी करने को लेकर सूचना दी गई थी, जिसके कारण छात्रों में भ्रम की स्थिति बनी.

उन्होंने छात्रों से अपील की कि सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें. मेधा सूची जारी होने की आधिकारिक सूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर दी जाएगी.

उन्होंने बताया कि अगले एक-दो दिनों में तीसरी मेधा सूची जारी होने की पूरी संभावना है.

नए आवेदन के सत्यापन में लगा समय

डॉ. राणा विक्रम सिंह ने बताया कि 23 जुलाई तक छात्रों को नए सिरे से आवेदन करने का मौका दिया गया था. आवेदन आने के बाद उनके सत्यापन की प्रक्रिया में कुछ समय लग गया, जिसके कारण मेधा सूची जारी करने में देरी हुई है.

शेड्यूल में बदलाव की सूचना पहले देनी चाहिए थी: छात्र संगठन

वहीं, छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं.

छात्र नेताओं का कहना है कि जब छात्र कल्याण विभाग ने पहले ही 26 जुलाई को तीसरी मेधा सूची जारी करने और 27 जुलाई से नामांकन शुरू करने का नोटिफिकेशन जारी कर दिया था, तो तकनीकी समस्या आने के बाद छात्रों को समय पर इसकी जानकारी देनी चाहिए थी.

छात्र संगठनों का आरोप है कि सूची जारी नहीं होने के कारण कई छात्र नामांकन से जुड़ी जानकारी लेने के लिए कॉलेजों का चक्कर लगाते रहे.

उन्होंने मांग की कि नामांकन शेड्यूल में किसी भी बदलाव की जानकारी तुरंत विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जानी चाहिए, ताकि छात्रों को परेशानी न हो.

पहली और दूसरी सूची से 24 हजार छात्रों का हुआ नामांकन

गौरतलब है कि जेपी विश्वविद्यालय के अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों में कला, विज्ञान और वाणिज्य विषयों में दाखिले के लिए स्नातक सत्र 2026-30 में करीब 40 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं.

पहली और दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. अब तक कुल 24 हजार छात्र-छात्राओं का दाखिला हुआ है.

पहली मेधा सूची में 18 हजार छात्रों ने नामांकन कराया, जबकि दूसरी सूची में छह हजार छात्र-छात्राओं का दाखिला हुआ है.

तीसरी सूची के बाद मिलेगा स्पॉट एडमिशन का विकल्प

विश्वविद्यालय में अभी भी 50 प्रतिशत से अधिक सीटें रिक्त हैं. तीसरी मेधा सूची जारी होने के बाद छात्रों को उनके द्वारा चुने गए कॉलेजों में से किसी एक कॉलेज का आवंटन किया जाएगा.

तीसरी सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों को स्पॉट एडमिशन का विकल्प भी दिया जाएगा.

Also Read: बांकीपुर में पवन सिंह और तेजस्वी यादव के काफिले आमने-सामने, BJP-RJD कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी


विज्ञापन
Prabhat Kiran Himanshu

लेखक के बारे में

By Prabhat Kiran Himanshu

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन