सारण: अमनौर के बड़ा पोखरा में नहाने के दौरान 17 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत, स्कूल से घूमने आया था युवक

Updated:
विज्ञापन

एसडीआरएफ टीम द्वारा शव बरामद के बाद लोगों की जुटी भीड़

Saran Student drowns: अमनौर के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल बड़ा पोखरा में स्कूल से भागकर नहाने आए 17 वर्षीय छात्र की डूबने से दुखद मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई घंटे की मशक्कत के बाद शव बरामद हुआ.

विज्ञापन

Saran Student drowns: स्कूल जाने के बजाय दोस्तों के साथ घूमने निकले आठवीं कक्षा के एक छात्र की अमनौर के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल बड़ा पोखरा में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गयी. घटना मंगलवार की है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे की मशक्कत के बाद पोखरा से छात्र का शव बरामद किया.

मृतक की पहचान परसा थाना क्षेत्र के आजाद साईं के 17 वर्षीय पुत्र जुमन साईं के रूप में हुई है. वह परसा के एक सरकारी विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र था.

स्कूल से निकला, अमनौर घूमने पहुंचा

मिली जानकारी के अनुसार, जुमन साईं मंगलवार की सुबह अपने चचेरे भाई कादिर साईं और एक अन्य साथी के साथ स्कूल जाने के लिए घर से निकला था. बताया जाता है कि विद्यालय पहुंचने के बाद उसने अपना बस्ता स्कूल में रख दिया और प्रार्थना के बाद साथियों के साथ अमनौर स्थित बड़ा पोखरा घूमने चला आया.

करीब 11 बजे तीनों बड़ा पोखरा पहुंचे. घूमने के दौरान जुमन ने पोखरा में नहाने की जिद की. इसके बाद उसने स्कूल ड्रेस उतारकर पोखरा में छलांग लगा दी. वह पानी में कुछ दूर जाने के बाद गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा.

साथी ने शोर मचाकर लोगों को दी जानकारी

जुमन को पानी में डूबता देखकर उसके साथी घबरा गये और शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी. स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और छात्र की तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसका पता नहीं चला. इसके बाद घटना की सूचना प्रशासन और पुलिस को दी गयी.

सूचना मिलते ही अमनौर के अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष बिमलेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया.

कई घंटे चला तलाशी अभियान

एसडीआरएफ की टीम ने पोखरा में तलाशी अभियान शुरू किया. टीम के जवानों ने कई घंटे तक पानी में छात्र की तलाश की. काफी मशक्कत के बाद जुमन साईं का शव पोखरा से बरामद कर लिया गया.

शव बरामद होते ही घटनास्थल पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया. घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन और रिश्तेदार भी अमनौर पहुंचे. शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटायी जा रही है.

पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शोक है. ग्रामीणों ने कहा कि बड़ा पोखरा जैसे पर्यटक स्थलों पर पानी की गहराई और खतरे वाले स्थानों की जानकारी देने वाले चेतावनी बोर्ड लगाए जाने चाहिए. साथ ही ऐसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की गयी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

इसे भी पढ़ें: सारण में अजगर को शरीर पर लपेटकर करतब दिखाने का VIDEO वायरल, वन विभाग ने शुरू की कार्रवाई; मझनपूरा के चरण सिंह पर नजर


विज्ञापन
कुलदीप महासेठ

लेखक के बारे में

By कुलदीप महासेठ

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन