नववर्ष के पहले दिन मां अंबिका भवानी मंदिर आमी में उमड़ा आस्था का सैलाब

नव वर्ष के पहले दिन गुरुवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां अंबिका भवानी मंदिर, आमी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.
दिघवारा. नव वर्ष के पहले दिन गुरुवार को प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां अंबिका भवानी मंदिर, आमी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. भीषण ठंड के बावजूद भक्तों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी और पूरा मंदिर परिसर मां अंबिका भवानी की जय और हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान रहा. दिन भर में लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माँ के दरबार में हाजिरी लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की. अहले सुबह से ही मंदिर के चप्पे-चप्पे पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी दिखी. हर कोई मां के दर्शन के लिए व्याकुल नजर आया. प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं को पंक्तिबद्ध होकर गर्भगृह तक पहुंचना पड़ा.
पुजारियों ने विधि-विधान से संपन्न कराया पूजन
गर्भगृह के अंदर पुजारी कक्कू तिवारी, कुमुद तिवारी, गुंजन तिवारी और मुनमुन तिवारी ने श्रद्धालुओं द्वारा लाए गए प्रसाद और चुनरी को माँ के पिंड पर अर्पित कराया. मन्नत पूरी होने की खुशी में कई श्रद्धालुओं ने मां को विशेष चुनरी और भोग चढ़ाया. दर्शनार्थियों में नवदंपत्तियों के साथ-साथ प्रदेश के कई राजनेता और प्रशासनिक पदाधिकारी भी शामिल थे, जिन्होंने माथा टेककर आशीर्वाद लिया. श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखा। बीडीओ अमर नाथ, सीओ मिट्ठू प्रसाद और थानाध्यक्ष डॉ रितेश कुमार मिश्रा दल-बल के साथ मंदिर परिसर में मुस्तैद रहे. बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी थी ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके. मंदिर के बाहर प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी देर शाम तक ग्राहकों की भारी चहल-पहल बनी रही.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




