छपरा-टाटा एक्सप्रेस ट्रेन में मिला टाइम बम, मची अफरातफरी, बढायी गयी ट्रेनों की सुरक्षा

Updated at : 16 Aug 2017 10:39 PM (IST)
विज्ञापन
छपरा-टाटा एक्सप्रेस ट्रेन में मिला टाइम बम, मची अफरातफरी, बढायी गयी ट्रेनों की सुरक्षा

छपरा: पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी छपरा टाटा एक्सप्रेस ट्रेन के जेनरल कोच के शौचालय से टाइम बम बुधवार को बरामद किया गया. इसके बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गयी. पीछे से तीसरे कोच संख्या- 028407 के शौचालय के बेसिन के नीचे पॉलीथीन में बांधकर रखा गया था. ट्रेन […]

विज्ञापन

छपरा: पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर खड़ी छपरा टाटा एक्सप्रेस ट्रेन के जेनरल कोच के शौचालय से टाइम बम बुधवार को बरामद किया गया. इसके बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गयी. पीछे से तीसरे कोच संख्या- 028407 के शौचालय के बेसिन के नीचे पॉलीथीन में बांधकर रखा गया था. ट्रेन की सफाई के दौरान संदिग्ध वस्तु होने की आशंका पर रेलवे सुरक्षा बल को इसकी जानकारी दी गयी. रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक शाहनवाज हुसैन ने जीआरपी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा के साथ वहां पहुंच कर जांच की.

जांच में पता चला कि पॉलीथीन में बम है जिसे तत्काल भीड़ वाले स्थान से हटाकर दूर वाशिंग पीट से उतर खाली जगह पर रखा गया. इसकी सूचना रेल पुलिस अधीक्षक वीएन झा तथा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आरके शर्मा को इसकी जानकारी दी गयी. सूचना पर रेल पुलिस उपाधीक्षक डाॅ अखिलेश कुमार भी पहुंच कर मामले की जांच की. बम निरोधक दस्ता तथा डॉग स्क्वायड से इसकी जांच करायी गयी.

रेल महाप्रबंधक सत्य प्रकाश त्रिवेदी ने बताया कि ट्रेन से बम बरामद होने की सूचना मिली है और इसकी जांच का आदेश दिया गया है. जांच रिपोर्ट आने पर ही इसके बारे में कुछ भी कहा जा सकता है. रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक शाहनवाज हुसैन ने बताया कि फरूखाबाद से छपरा आने वाली ट्रेन ही छपरा टाटा एक्सप्रेस बनकर चलती है. वह ट्रेन सुबह करीब 9.40 बजे यहां पहुंची जिसके बाद करीब साढ़े ग्यारह बजे यात्रियों ने सूचना दी कि ट्रेन के पीछे से तीसरे कोच के शौचालय में बेसिन के नीचे संदिग्ध सामान पॉलीथीन में बांधकर रखा गया है.

रेल थानाध्यक्ष अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि ट्रेन से बरामद बम की क्षमता की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता को बुलाया गया है. बम निरोधक दस्ता ही इसकी असलियत बता सकती है. रेल पुलिस उपाधीक्षक डाॅ अखिलेश कुमार ने बताया कि बरामद टाईम बम था, जिसे डिले मैकेनिज्म भी कहा जाता है और बम किसके द्वारा किस उद्देश्य से लगाया गया था. इसकी जांच की जा रही है और रेलवे पुलिस को सतर्क कर दिया गया है. सभी ट्रेनों तथा स्टेशन पर विशेष जांच के निर्देश दिए गये हैं. उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर से आयी बम निरोधक दस्ता ने बम को निष्क्रिय कर दिया है.

केंद्रीय मंत्री का कचहरी स्टेशन पर था कार्यक्रम

पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा कचहरी स्टेशन पर दिन के ढाई बजे कार्यक्रम था. इसके ठीक तीन घंटे पहले छपरा जंक्शन से टाइम बम की बरामदगी से रेल प्रशासन में अफरा तफरी का माहौल बन गया. बम की बरामदगी के आधा घंटा बाद ही रेल महाप्रबंधक सत्य प्रकाश त्रिवेदी भी पहुंचने वाले थे. उनका कार्यक्रम पहले से ही निर्धारित था. इसके अलावा मंडल रेल प्रबंधक एस के झा रेलवे कई वरिष्ठ अधिकारी छपरा जंक्शन मौजूद थे.

ट्रेन में टाइम बम मिलने से खलबली
छपरा जंक्शन पर खड़ी ट्रेन में बम मिलने से खलबली मच गयी और यात्रियों में भय व दहशत का माहौल बन गया. इस के तुरंत बाद स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी. सभी प्लेटफार्म व गेट पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात कर दिया गया. रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस ने जांच शुरू कर दिया. इसकी सूचना रेलवे प्रशासन के अलावा स्थानीय पुलिस अधीक्षक हरकिशोर राय को भी इसकी जानकारी दी गयी. फिलहाल छपरा जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है और एक बड़ा हादसा टल गया है. जिससे अधिकारियों ने राहत की सांस ली है. बताते चलें कि पहले से ही खुफिया एजेंसी ने छपरा जंक्शन पर आतंकवादी हमला की आशंका जतायी थी. जिसके मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टिकोण से विशेष जांच का निर्देश दिया था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन