समस्तीपुर: नल-जल पर स्नान के विवाद में भाइयों में मारपीट, जख्मी युवक की पटना में इलाज के दौरान मौत

गोविंदपुर खजुरी के हसनपुर कीरत गांव में नल-जल पर स्नान को लेकर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली. इलाज के लिए पटना रेफर किए जाने के बाद बिजेंदर महतो की मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Samastipur News: समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर खजुरी पंचायत के हसनपुर कीरत गांव में नल-जल योजना के पास स्नान करने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. पिता-पुत्र के बीच शुरू हुई बहस के बाद दो भाइयों में जमकर मारपीट हो गई. इस घटना में गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय युवक की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद से गांव में शोक की लहर है.
स्नान करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, गत रविवार को गांव स्थित नल-जल के पास स्नान करने के दौरान पिता और पुत्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी. मामला बढ़ने पर बड़े और छोटे भाई के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस दौरान सीताराम महतो के 40 वर्षीय पुत्र बिजेंदर महतो पर हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी होकर नीचे गिर पड़े.
दरभंगा से पटना रेफर, इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में जख्मी बिजेंदर महतो को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज ले गए. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. पटना में इलाज के क्रम में ही युवक की मौत हो गई. इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से पीएमसीएच (PMCH) में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.
पंचायत में समझौता न होने पर पुलिस को दी गई सूचना
बुधवार की शाम जब एम्बुलेंस से शव गांव पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया. गुरुवार को अंतिम संस्कार से पहले स्थानीय स्तर पर मामले को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई. हालांकि, दोनों पक्षों के बीच कोई आपसी सहमति या समझौता नहीं हो सका. इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी कल्याणपुर थानाध्यक्ष को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की.
आवेदन के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई: थानाध्यक्ष
मामले की पुष्टि करते हुए कल्याणपुर थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि शव गांव पहुंचने पर पुलिस मौके पर गई थी. उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










